महिला से छेड़छाड़ का विरोध करने पर युवक को घर उठा ले जाकर किरच व कापा से काट डाला, दो जख्मी
संगत मंडी के गांव फल्लड़ में महिला से छेड़छाड़ को लेकर हुए विवाद के बाद शनिवार रात को छह युवकों ने 25 वर्षीय गुरप्यार सिंह को अपने घर उठाकर लेकर गए तथा धारदार हथियारों से काट डाला।
जासं,संगत मंडी (बठिडा) : संगत मंडी के गांव फल्लड़ में महिला से छेड़छाड़ को लेकर हुए विवाद के बाद शनिवार रात को छह युवकों ने 25 वर्षीय गुरप्यार सिंह को अपने घर उठाकर लेकर गए तथा धारदार हथियारों से काट डाला। बचाने आए उसके चचेरे भाई 20 वर्षीय लखबीर सिंह व उसके भतीजे राजवीर सिंह को भी घायल कर दिया। जिन्हें उपचार के लिए बठिंडा सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। थाना संगत पुलिस ने घायल युवकों के बयानों पर गांव के रहने वाले छह युवकों पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल सभी आरोपित फरार है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सुपुर्द कर दिया है।
पुलिस चौकी पथराला के इंचार्ज व एसआइ मेजर सिंह ने बताया कि पुलिस को बयान दर्ज करवाकर गांव फल्लड़ के रहने वाले 20 वर्षीय लखबीर सिंह ने बताया कि करीब चार दिन पहले वह अपनी पत्नी के साथ अपने घर जा रहा था। इस दौरान गांव के रहने वाले युवक कालू सिंह ने अपने कुछ दोस्तों के साथ मिलकर उसकी पत्नी पर कोई कमेंट मारा, जिसका उसने विरोध किया व उनके परिजनों को इस बारे में शिकायत की। इस पर आरोपित कालू सिंह ने अपने साथियों के साथ मिलकर उसके साथ झगड़ गया। इसके बाद वहां से वह अपने घर आ गया। शनिवार को वह, उसका चचेरा भाई गुरप्यार सिंह व भतीजा राजवीर सिंह अपने काम से वापस घर आ रहे थे। इस दौरान गांव के सरपंच बलकार सिंह का किसी के साथ झगड़ा हो रहा था। वह तीनों वहां पर खड़े हो गए और मामले को देखने लगे। इस दौरान आरोपित कालू सिंह अपने साथियों के साथ वहां पर आ गया और उनके साथ लड़ाई झगड़ा करने लगा। दोनों पक्षों में हाथापाई होने के बाद लोगों ने बीच बचाव कर उनका झगड़ा हटवा दिया। इसके बाद वह वापस अपने घर जाने लगे, तो आरोपित कालू सिंह व उसके साथ आए आधा दर्जन युवक उसके चचेरे भाई गुरप्यार सिंह को उठाकर अपने घर पर ले गए, जहां पर उन्होंने तेजधार हथियार किरच व कापा आदि से वारकर उसकी हत्या कर दी। वहीं जब और उसका भतीजा राजवीर सिंह अपने चचेरे भाई गुरप्यार सिंह को बचाने के लिए उनके घर पहुंचे, तो उन्होंने भी उनपर भी जानलेवा हमला कर दिया और दोनों के सिर फोड़ दिए। उनके द्वारा शोर मचाने पर गांव के लोग मौके पर एकत्र हो गए और तीनों को लहूलुहान की हालत में उपचार के लिए सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां पर डाक्टरों ने गुरप्यार सिंह को मृत घोषित कर दिया।
मामले के जांच अधिकारी पुलिस चौकी पथराला के इंचार्ज व एसआइ मेजर सिंह ने बताया कि घायल लखबीर सिंह व राजवीर सिंह के बयानों पर आरोपित कालू सिंह, मनप्रीत सिंह, अमनदीप सिंह, विरसा सिंह, बलकरण सिंह व सीरा सिंह निवासी गांव फल्लड़ पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल सभी आरोपित फरार है।