जिले में 752 जगह जली पराली, अब दर्ज हुआ पहला केस
जिला पुलिस ने धान की पराली को आग लगाने वालों पर केस दर्ज करने शुरू कर दिए हैं।
जागरण संवाददाता, बठिडा: जिला पुलिस ने धान की पराली को आग लगाने वालों पर केस दर्ज करने शुरू कर दिए हैं। जिले में बीते मंगलवार को धान की पराली को आग लगाने का पहला मुकदमा दर्ज किया गया है। यह मामला थाना नहियांवाला की पुलिस ने दर्ज किया है। सहायक थानेदार गमदूर सिंह ने बताया कि गांव भीसीयाना के किसान दिलबाग सिंह ने अपने खेत में धान की पराली को आग लगा दी, जिस कारण सड़क पर ट्रैफिक प्रभावित हुआ। इसके चलते दिलबाग सिंह पर केस दर्ज किया गया है। हालांकि उसको जमानत पर रिहा कर दिया गया है।
गौरतलब है कि क्षेत्र में बीते सितंबर के आखिरी सप्ताह में धान की कटाई का सिलसिला शुरू हो गया था। तीन अक्टूबर से धान की खरीद शुरू हो गई थी। धान की कटाई के साथ ही जिले में किसानों की ओर से पराली को आग लगाने का सिलसिला शुरू कर दिया गया था। बीते मंगलवार तक जिले भर में पराली को आग लगाने की 752 घटनाएं हो चुकी हैं। सिलसिला अब भी तेजी के साथ जारी है। आग की लगातार हो रही घटनाओं के कारण जिले में बुधवार को प्रदूषण का स्तर एक्यूआइ 155 दर्ज किया गया है, लेकिन इतनी घटनाएं होने के बावजूद अब बीते मंगलवार को एक मामला दर्ज किया गया है। किसी किसान पर दर्ज किया गया यह पहला आपराधिक मामला है। उधर, पंजाब प्रदूषण कंट्रोल बोर्ड के एसडीओ रविपाल ने बताया आग की घटनाओं का आंकड़ा जुटाने के लिए प्रत्येक गांव पर एक नोडल अधिकारी व कलस्टर नियुक्त किया हुआ है। आग की घटनाओं की तलसीलदार और एसडीओ को रिपोर्ट की जाती है। आग की घटनाओं का सेटेलाइट से पता लगाया जाता है।