किसानों ने कृषि विधेयक के खिलाफ किया प्रदर्शन
कृषि विधेयक के खिलाफ गांव नरुआणा में केंद्र सरकार का पुतला फूंका।
जासं, बठिडा : भारतीय किसान यूनियन डकौंदा की ओर से कृषि विधेयक के खिलाफ गांव नरुआणा में केंद्र सरकार का पुतला फूंका। इससे पहले किसानों की ओर से गांव में रोष मार्च भी निकाला गया, जिस दौरान किसानों को खेती विधेयक से होने वाले नुकसान की जानकारी दी। किसान जगसीर सिंह ने बताया कि मोदी सरकार ने किसानों के विरोध के बाद भी खेती विधेयक कानून को पास कर दिया है, जिसको किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जबकि यह कानून पास हो जाने से किसानों को तो नुकसान होगा ही, साथ ही व्यापारी वर्ग भी खत्म हो जाएगा। यहां तक कि ऐसा कर सरकार सीधे तौर पर प्राइवेट कंपनियों को फायदा पहुंचाना चाहती है। इसके अलावा खेती विधेयक के साथ किसानों को अपनी फसल का मूल्य भी पूरा नहीं मिलेगा। जिस कारण उनका प्रदर्शन तब तक जारी रहेगा, जब तक पास किए गए कानून को रद्द नहीं किया जाता। इस दौरान चेतावनी भी दी कि कानून के विरोध में 25 सितंबर को पंजाब बंद रखा जाएगा, जिसके तहत संघर्ष तेज किया जाएगा।