किसानों ने रोष मार्च निकाला, बस स्टैंड पर फूंका मोदी का पुतला
किसानों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला फूंका और उनके खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
जागरण संवाददाता, बठिडा : केंद्र सरकार की ओर से लोकसभा में पारित किए गए खेती संबंधी बिलों को लेकर भारतीय किसान यूनियन (एकता सिद्धूपुर) के नेतृत्व में किसानों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला फूंका और उनके खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इससे पहले मिन्नी सचिवालय से लेकर बस स्टैंड तक मार्च किया गया। प्रदर्शन में जिले के बड़ी गिनती में किसानों ने भाग लिया
इस दौरान भारतीय किसान यूनियन के अध्यक्ष बलदेव सिंह संदोहा तथा महासचिव रेशम सिंह यात्री ने कहा कि केंद्र सरकार ने कृषि विधेयक पास करके किसानों को कहीं का नहीं छोड़ा है। लेकिन राज्य भर के किसान लामबंद हो चुके हैं। इसलिए पारित किए इन बिलों को रद करवाकर ही दम लेंगे। किसानों के साथ आढ़ती और अन्य व्यापारी भी आ चुके हैं। जबकि पंजाब के खेत मजदूर तथा मंडियों के मजदूरों के अलावा राज्य का विद्यार्थी वर्ग और मुलाजिम संगठन पहले से ही किसानों के साथ हैं। किसानों का यह संघर्ष अब तब तक जारी रहेगा, जब तक इन बिलों को रद नहीं किया जाता। 25 सितंबर को जो भारत बंद का आह्वान किया गया है, उसके तहत होने वाला बंद केंद्र सरकार की जड़ें हिलाकर रख देगा। यह बिल पूरी तरह से किसान विरोधी हैं। इन बिलों के लागू होने से किसान पूरी तरह से बर्बाद होकर रह जाएंगे। सरकारी खरीद पूरी तरह से बंद हो जाएगी। उन्हें उनकी फसलों के उचित भाव नहीं मिलेंगे। जबकि कॉरपोरेट घराने मनमाने दाम देकर किसानों की लूट करेंगे। इसलिए यह बिल किसानों को कतई मंजूर नहीं हैं। किसानों ने जैतो मोर्चे में शहीद हुए किसान जगसीर सिंह कोटड़ा के मामले में परिवार के साथ किए वादे पूरे न पर मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिदर सिंह एवं वित्तमंत्री मनप्रीत सिंह बादल के खिलाफ भी जमकर नारेबाजी की। इस मौके पर अर्जुन सिंह, अंग्रेज सिंह, कुलवंत सिंह, सुखदेव सिंह, कर्म सिंह, मुख्तियार सिंह, रणजीत सिंह जीदा, बलविदर सिंह आदि भी मौजूद थे। गायक गुरविदर बराड़ सहित अन्य कलाकार भी पहुंचे
उधर, भाकियू के डीसी दफ्तर के समक्ष लगातार चल रहे धरने में पंजाबी गायक गुरविदर सिंह बराड़, राजा सिद्धू, हरफ बराड़ आदि कलाकार भी शामिल हुए। उन्होंने किसानों के संघर्ष हिमायत करते हुए उनका साथ देने का एलान किया।