Move to Jagran APP

खेत मजदूरों ने वित्तमंत्री कार्यालय के नजदीक किया प्रदर्शन

पंजाब खेत मजदूर यूनियन ने मंगलवार को वित्तमंत्री मनप्रीत सिंह बादल के स्थानीय कार्यालय के नजदीक रोष प्रदर्शन किया।

By JagranEdited By: Published: Tue, 25 Aug 2020 10:42 PM (IST)Updated: Tue, 25 Aug 2020 10:42 PM (IST)
खेत मजदूरों ने वित्तमंत्री कार्यालय के नजदीक किया प्रदर्शन
खेत मजदूरों ने वित्तमंत्री कार्यालय के नजदीक किया प्रदर्शन

जागरण संवाददाता, बठिडा : माइक्रो फाइनांस कंपनियों के कर्ज माफ करने और खेत मजदूरों के घरों के उखाड़े बिजली के मीटर लगाने की मांग को लेकर पंजाब खेत मजदूर यूनियन ने मंगलवार को वित्तमंत्री मनप्रीत सिंह बादल के स्थानीय कार्यालय के नजदीक रोष प्रदर्शन किया। खेत मजदूरों का वित्तमंत्री के कार्यालय का घेराव करने का कार्यक्रम था, लेकिन पुलिस कर्मियों ने उन्हें पीरखाना के नजदीक ही रोक लिया। इस पर खेत मजदूरों ने वहीं पर राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और महिलाओं के फाइनांस कंपनियों से लिए कर्ज माफ होने तक कड़ा संघर्ष जारी रखने का ऐलान किया। खेत मजदूर पहले मिनी सचिवालय के समक्ष डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के पास इकट्ठे हुए। यहां धरना देने के बाद वे मनप्रीत बादल के कार्यालय की तरफ मार्च करते हुए बढ़ने लगे। पीरखाना के नजदीक पुलिस कर्मियों ने उन्हें रोक लिया।

loksabha election banner

खेत मजदूर यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष जोरा सिंह नसराली और महासचिव लछमन सिंह सेवेवाला ने कहा कि माइक्रो फाइनांस कंपनियों ने महिलाओं को कर्ज देते समय रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया की हिदायतों का उल्लंघन करके उनसे खाली कागजों पर हस्ताक्षर करवाए व खाली चेक लिए हैं। कर्ज पर भी बहुत ही ज्यादा ब्याज लगाया गया है। कोरोना संक्रमण काल में जब सबका कामकाज ठप हो गया है, तो अब फाइनांस कंपनियां मजदूरों के खिलाफ अदालतों में जा रही हैं। यह माइक्रो फाइनांस कंपनियों की सरासर धोखाधड़ी है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। आरबीआइ की हिदायतों का उल्लंघन करने पर इन कंपनियों के खिलाफ केस दर्ज होने चाहिए। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार उद्योगपतियों का 68 हजार करोड़ रुपये कर्ज माफ कर सकती है, लेकिन खेत मजदूरों का मामूली कर्ज माफ नहीं कर रही है। खेत मजदूर नेताओं ने मजदूरों के भारी भरकम बिजली बिल भेजने और न भरने पर उनके मीटर उखाड़ने को लेकर भी राज्य सरकार को घेरा और उखाड़े मीटर तुरंत लगाने की मांग की। इस दौरान तीर्थ सिंह कोठा गुरू, मनदीप सिंह सिबियां,अश्वनी घुद्दा, गुरसेवक सिंह, रेशम सिंह, मनवीर सिंह बीहला, काका सिंह जीदा, हंसा सिंह, बोगड़ सिंह, बलविदर सिंह काला, गुरप्रीत सिंह लहरा, रमजान मुहम्मद आदि नेताओं ने भी संबोधित किया।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.