रंजिशन व्यक्ति पर जानलेवा हमला, पांच लोगों पर केस दर्ज
एक व्यक्ति को बीच रास्ते में घेरकर तेजधार हथियारों से जानलेवा हमला कर उसे गंभीर रूप से भी घायल कर दिया।
जासं, गोनियाना मंडी: गांव महिमा सरजा में रंजशिन आधा दर्जन लोगों ने एक व्यक्ति को बीच रास्ते में घेरकर तेजधार हथियारों से जानलेवा हमला कर उसे गंभीर रूप से भी घायल कर दिया। घायल को गोनियाना मंडी के सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया। थाना नेहियांवाला पुलिस ने घायल व्यक्ति के बयान पर आरोपितों पर इरादा-ए-हत्या समेत विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर अगली कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस को शिकायत देकर सतनाम सिंह निवासी गांव महिमा सरजा ने बताया कि बीती 13 नवंबर को आरोपित विक्रम सिंह, मनिदर सिंह, दिलबाग सिंह, निक्का सिंह निवासी गांव महिमा सवाई और कुछ अज्ञात लोगों ने उसे बीच रास्ते में घेर लिया और उसे जान से मार देने की नीयत से उसपर कृपाण से हमला कर दिया। इस हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि आरोपित मौके से फरार हो गए। इसके बाद उसे उपचार के लिए सिविल अस्पताल गोनियाना मंडी में दाखिल करवाया गया। एएसआइ प्रकाश सिंह ने बताया कि आरोपित लोगों पर मामला दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी के लिए प्रयास शुरू कर दिए है, जल्द ही उन्हें पकड़ लिया जाएगा। किसानों ने स्कूल के आगे धरना लगाकर किया प्रदर्शन गांव घुद्दा स्थित डिफरेंट कान्वेंट स्कूल के आगे भारतीय किसान यूनियन की ओर से धरना लगाया गया। इस दौरान जिला कमेटी मेंबर जगसीर झुंबा व ब्लाक नेता अजयपाल सिंह ने कहा कि स्कूल संचालक की ओर से बीते दिन बठिडा के एक पैलेस में 'बठिडा की आवाज' नाम से प्रोग्राम किया गया था, जिसमें लोगों को भाजपा में शामिल करवाना था। इसका जत्थेबंदी ने जब विरोध किया तो कार्यक्रम को रद कर दिया गया।
उन्होंने कहा कि स्कूल प्रबंधकों द्वारा अध्यापकों को वेतन तक नहीं दिया जा रहा। यहां तक कि स्कूल के सफाई सेवकों से भी बहुत ही कम वेतन पर काम लिया जा रहा है। उन्होंने ऐलान किया कि अगर अध्यापक या सफाई सेवक अपनी मांगों के प्रति संघर्ष करते हैं तो उनका जत्थेबंदी द्वारा समर्थन किया जाएगा। इसके साथ ही चेतावनी दी कि अगर भाजपा नेताओं ने किसानों के प्रति गलत शब्दावली का प्रयोग किया तो वह संघर्ष करेंगे।