आप के जिला प्रधान समेत 20 लोगों पर मास्क न पहनने का केस दर्ज
लॉकडाउन में प्रदर्शन करने पर बठिडा के थाना सिविल लाइन की पुलिस की ओर से अब आम आदमी पार्टी के नेताओं पर केस दर्ज किया गया है। इसके तहत पुलिस ने पार्टी के जिला प्रधान समेत 20 लोगों को नामजद किया है। यह केस एक फोटो के वायरल होने पर दर्ज किया गया है।
जागरण संवाददाता, बठिडा ़: लॉकडाउन में प्रदर्शन करने पर बठिडा के थाना सिविल लाइन की पुलिस की ओर से अब आम आदमी पार्टी के नेताओं पर केस दर्ज किया गया है। इसके तहत पुलिस ने पार्टी के जिला प्रधान समेत 20 लोगों को नामजद किया है। यह केस एक फोटो के वायरल होने पर दर्ज किया गया है। इससे पहले अकाली दल की ओर से थर्मल को बंद करने के विरोध में किए गए प्रदर्शन के मामले में थाना थर्मल की पुलिस ने पूर्व विधायक समेत 33 लोगों पर केस दर्ज किया गया था।
अब थाना सिविल लाइन में दर्ज किए गए केस की कार्रवाई सहायक थानेदार प्रेम कुमार कर रहे हैं। इनके अनुसार सोशल मीडिया पर एक फोटो वायरल हुई है, जिसमें आम आदमी पार्टी के जिला प्रधान नवदीप सिंह जीदा व जिला यूथ प्रधान अमरदीप सिंह समेत 20 अज्ञात लोग केंद्र सरकार के खेती ऑर्डिनेंस के खिलाफ ट्रैक्टर पर सवार होकर मांग पत्र देने के लिए प्रदर्शन कर रहे हैं। इस दौरान उनके द्वारा न तो कोई मास्क पहना गया है, न ही किसी प्रकार की शारीरिक दूरी के नियमों का ध्यान रखा गया है। इसको देखते हुए पुलिस ने उक्त लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। इसके अलावा थाना थर्मल की पुलिस ने लॉकडाउन के दौरान घन्हैया चौक में घूमने वाले खेता सिंह बस्ती के दिलीप कुमार व सिवियां रोड पर घूमने वाले पंचवटी नगर के जयपाल पर भी धारा 188 के तहत केस दर्ज किया है। इनके केस की जांच एसआइ हरपिदर कौर व हवलदार प्रीतम सिंह को सौंपी गई है। इसी प्रकार थाना नथाना की पुलिस ने गांव लहरा मोहब्बत में लॉकडाउन के घर से बाहर घूमने पर सतपाल सिंह के खिलाफ केस दर्ज किया है, जिसकी जांच सहायक थानेदार गुरदेव सिंह कर रहे हैं। पुलिस ने सभी मामलों में जांच शुरू कर दी है, जिसकी गिरफ्तारी अभी बाकी है।