जेई से दुर्व्यवहार करने पर छह आरोपितों पर केस
हाथापाई करने व गाली-गलौच करने वाले छह लोगों पर थाना सिटी रामपुरा पुलिस ने मामला दर्ज किया है।
जासं, बठिडा : रामपुरा मंडी में स्थित उपमंडल देहाती के दफ्तर में तैनात एक जेई के साथ उसके दफ्तर में जाकर हाथापाई करने व गाली-गलौच करने वाले छह लोगों पर थाना सिटी रामपुरा पुलिस ने मामला दर्ज किया है। इस मामले में नामजद किसी भी आरोपित की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
पुलिस को शिकायत देकर जेई गुरमीत सिंह ने बताया कि छह अगस्त को अपने दफ्तर में तैनात था व जरूरी काम निपटा रहा था। इस दौरान आरोपित सुखपाल सिंह निवासी फूल अपने करीब पांच अज्ञात साथियों को लेकर उनके दफ्तर में आया। किसी काम को लेकर उसके साथ बहस करने लगा। जब दफ्तर में ऐसा करने से उन्हें रोका गया तो उन्होंने अभद्र भाषा का इस्तेमाल कर उसके साथ हाथापाई करने की कोशिश की। वहीं उसके साथ गाली-गलौच भी किया। ऐसा कर आरोपित ने सरकारी काम में विघ्न डाला। घटना के बाद आरोपित मौके से फरार हो गया। पुलिस ने पीड़ित जेई की शिकायत पर आरोपित लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।