अनुच्छेद 370 खत्म करना भाजपा का सही फैसला : आरपी सिंह
भाजपा नेता आरपी सिंह ने अनुच्छेद 370 खत्म करने के फैसले को सही फैसला बताया है।
जागरण संवाददाता, बठिडा : भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय सचिव आरपी सिंह ने कहा कि जम्मू कश्मीर में अनुच्छेद 370 खत्म करना भाजपा का सही फैसला है। इसका केवल फायदा ही है, नुकसान कोई नहीं है। कांग्रेस चूंकि हमेशा वोट बैंक की राजनीति करती आ रही है, इसलिए इस महत्वपूर्ण निर्णय को जान बूझकर लटका रखा था। जिसके चलते जम्मू कश्मीर का विकास रुका हुआ था। लेकिन भाजपा ने इस अनुच्छेद को हटाकर प्रदेश में विकास के तमाम रास्ते खोल दिए हैं। आने वाले समय में प्रदेश को भरपूर लाभ होगा। भाजपा सचिव सोमवार को यहां गेस्ट हाउस में पत्रकारों के साथ बातचीत कर रहे थे। 370 को लेकर देश भर का दौरा कर रहे केंद्रीय सचिव ने कहा कि इस फैसले के बाद से कश्मीर में बना हुआ तनाव अब खत्म होता जा रहा है। लेकिन कांग्रेस जान बूझकर इस मामले में दुष्प्रचार कर रही है। लोगों को अब लैंडलाइन की सहूलियत मिलने लगी है। 196 जगह से अधिक स्थानों पर 144 की धारा हटा ली गई है। अब आने वाले समय में प्रदेश में उद्योगों में इजाफा होगा और कारोबारियों का काम भी बढ़ेगा। आतंकवादी गतिविधियों में लगाम कसी जाएगी। अकाली-भाजपा गठजोड़ के बारे में उन्होंने कहा कि वह एक हैं। इसमें किसी को शक नहीं होना चाहिए। भविष्य में भी पहले की तरह अकाली-भाजपा मिलकर चुनाव लड़ते रहेंगे। भाजपा के प्रदेश महासचिव दयाल दास सोढ़ी ने भी कहा कि इससे देश को फायदा ही होना है, नुकसान कोई नहीं होने वाला।
इस मौके पर भाजपा के जिला अध्यक्ष विनोद कुमार बिटा, महासचिव अशोक बालियांवाली, नगर निगम की डिप्टी मेयर गुरिदरपाल कौर मांगट, युवा मोर्चा के प्रधान आशुतोष तिवाड़ी, संदीप अग्रवाल, गुरजीत सिंह मान आदि भी मौजूद थे।