ठंड से ठिठुरे लोग, अलाव दे रहा 'सहारा'
शहर में पिछले दो दिन से लगातार बारिश के बाद तापमान में फिर से गिरावट आने लगी है।
जागरण संवाददाता, बठिडा: शहर में पिछले दो दिन से लगातार बारिश के बाद तापमान में फिर से गिरावट आने लगी है। मंगलवार को न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जो बुधवार को 10 डिग्री पर आ गया। वहीं अधिकतम तापमान भी 18 डिग्री से कम होकर 15 डिग्री पर आ गया, जिससे बठिडा एक बार फिर कोल्ड जोन में आ गया है। मौसम विभाग के अनुसार अधिकतम तापमान जब 15 डिग्री पर आता है तो उसको कोल्ड डे माना जाता है।
वहीं सहारा जनसेवा टीम के सदस्यों जग्गा, मनी कर्ण, राजेंद्र कुमार, टेक चंद व सुमीत ढिगरा की ओर से 'ठंड से बचाओ' अभियान चलाया गया है। इसके तहत बठिडा शहर के सार्वजनिक स्थानों पर गरीब व बेसहारा लोगों को सर्दी से बचाने के प्रयास किए जा रहे हैं। इसके लिए एमईएस ठेकेदार जतिदर बांसल व कमल पाहुजा के सहयोग से रोजाना माल रोड, स्टेशन के पास व अन्य जगहों पर अलाव जलाकर लोगों को ठंड से राहत प्रदान की जा रही है। इसके अलावा सहारा जनसेवा द्वारा बेसहारा या खुले आसमान के नीचे सोने वाले लोगों को ठंड से बचाने के लिए गर्म कंबल बांटे जा रहे हैं। नगर निगम के माल गोदाम रोड, नगर निगम के पास, अमरीक सिंह रोड और बस स्टैंड के पास रैन बसेरे में भी बेसहारा लोगों के सोने के लिए पूर्ण प्रबंध किया गया है। बाहर से आकर ठहरने वाले मुसाफिरों के लिए खाने-पीने के प्रबंध किए गए हैं।
रैन बसेरे की जानकारी के लिए यहां करें संपर्क
ठंड से ठिठुर रहे लोगों को राहत प्रदान करने के लिए किसी भी रैन बसेरे की जानकारी के लिए नगर निगम के एक्सईएन गुरप्रीत सिंह बुटर के मोबाइल नंबर 93169-00004 या सहारा अध्यक्ष विजय गोयल के मोबाइल नंबर 98551- 33333 पर संपर्क किया जा सकता है।