चिल्ड्रन होम से बच्चा गायब, आठ दिन बाद पुलिस को दी शिकायत
चिल्ड्रन होम बठिडा में रह रहा 12 साल के एक बच्चा पिछले आठ दिन से गायब है।
जासं,बठिडा: चिल्ड्रन होम बठिडा में रह रहा 12 साल के एक बच्चा पिछले आठ दिन से गायब है। वह छठी का छात्र है और सरकारी स्कूल धोबियाना में पढ़ने गया था, लेकिन लौटा नहीं। आठ दिन की तलाश के बाद चिल्ड्रन होम संचालकों ने अब थाना सिविल लाइन पुलिस को शिकायत दी है। उन्होंने आशंका जताई कि बच्चे को अगवा किया गया है। पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कर बच्चे की तलाश शुरू कर दी है। गौर हो कि इससे पहले भी चिल्ड्रन होम से बच्चे गायब हो चुके हैं, जिसकी शिकायत कई-कई दिन बाद दी जाती है। लगातार बच्चे गायब होना चिल्ड्रन होम की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर रहा है।
चिल्ड्रन होम के सुपरिटेंडेंट डा. तिवासप्रीत कौर ने बताया कि बच्चों की देखभाल के लिए बने सेंटर में 12 साल का एक बच्चा तरसेम सिंह रह रहा था। वह धोबियाना बस्ती स्थित सरकारी स्कूल में छठीं कक्षा में पढ़ रहा था। तरसेम सिंह बीती आठ मार्च को स्कूल के लिए निकला था और लौटा नहीं। स्कूल के क्लास रूम में उसका बैग मिला था। आशंका थी कि वह अपने दोस्त के साथ कहीं घूमने गया हो। काफी दिन तक उसकी तलाश करने के बाद भी उसका कुछ पता नहीं चला। अब उसके अगवा होने की आशंका है। पुलिस ने स्कूल की तरफ जाने वाले रास्तों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। साथ ही अन्य बच्चों से पूछताछ की जा रही है। पहले भी हो चुके है कई बच्चे गायब
अगस्त 2020: साहिबजादा जुझार सिंह नगर स्थित चिल्ड्रन होम से दो बच्चे फरार हो गए थे। चिल्ड्रन होम के सुपरिटेंडेंट ने तब थाना कैंट पुलिस के पास लिखित शिकायत दी थी। फरार होने वाला 13 साल का एक लड़का था, जिसे 30 मई, 2019 को चाल्डलाइन की तरफ से भर्ती करवाया गया था। वह छह अगस्त 2019 को भी फरार हुआ था, लेकिन आठ जून, 2020 को लौटा आया था।
11 अक्टूबर 2017 : चिल्ड्रन और केयर होम से 14 साल का एक लड़का प्रबंधकों को चकमा देकर फरार हो गया था। प्रबंधकों ने पुलिस से कहा था कि लड़के को कोई बरगला कर ले गया है। बिहार का रहने वाले 14 वर्षीय बच्चे को कपूरथला पुलिस ने चोरी के एक केस में गिरफ्तार किया था।