पराली नहीं जलाने वाले किसानों को आर्थिक सहायता देगी सरकार : डीसी
पंजाब सरकार द्वारा पराली नहीं जलाने वाले किसानों को आर्थिक सहायता देने के लिए प्रयत्न किए गए हैं।
संवाद सूत्र, बरनाला : पंजाब सरकार द्वारा पराली नहीं जलाने वाले किसानों को आर्थिक सहायता देने के लिए प्रयत्न किए गए हैं। डीसी तेज प्रताप सिंह फूलका ने कहा कि पराली जलाने के रुझान को रोकने के लिए किसानों को आर्थिक सहायता दी जा रही है। जिसमें पांच एकड़ से कम जमीन वाले किसानों व धान की खेती करते किसान जिन्होंने पराली को नहीं जलाया है, को आर्थिक सहायता दी जाएगी। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिए कि योग्य, छोटे व सीमांत किसानों की पहचान कर उनको आर्थिक सहायता मुहैया करवाई जाए। इसके लिए किसानों को एक फार्म भरना होगा जो खेतीबाड़ी विभाग व पंचायत से प्राप्त किया जा सकता है। जिसमें सही जानकारी भरकर दिए जाने पर योग्य लाभार्थी को सहायता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि पराली जलाने पर पाबंदी लगाई गई है व निर्देशों के उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानूनी कारवाई भी की जा रही है। जिसके तहत 9 नवंबर तक पराली जलाने के 378 मामलों में जुर्माना लगाया जा चुका है।