किसानों का धरना, पेट्रोल पंप बंद होने से वाहन चालक हुए परेशान
केंद्र सरकार के लाए कृषि सुधार कानून के विरोध में किसानों का प्रदर्शन जारी है।
संवाद सहयोगी बरनाला : केंद्र सरकार के लाए कृषि सुधार कानून के विरोध में किसानों का प्रदर्शन जारी है। मंगलवार को 34वें दिन किसानों ने रेलवे स्टेशन प्लेटफार्म बरनाला पर धरना लगाया, जहां सैकड़ों की संख्या में महिलाएं,बच्चे, बुजुर्ग किसान उपस्थित हुए। इस दौरान किसानों ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर रोष प्रदर्शन किया। किसानों ने कहा कि पांच नवंबर को चक्का किया जाएगा व जिले में करीब आठ जगह चक्का जाम किया जाएगा। इसी प्रकार संघेडा, महलकलां, भदलबढ़, भोतना, धनौला और धौला में पेट्रोल पंप बंद रखे गए। पंप बंद होने से वाहन चालकों को पेट्रोल के लिए परेशानी झेलनी पड़ी। महलकलां टोल प्लाजा व बड़बर टोल प्लाजा पर धरना लगाया गया। हंडिआया रोड पर शापिग मार्ट व बरनाला बाजाखाना रोड पर माल के सामने गेट पर धरना लगाया गया। किसी भी ग्राहक को माल में जाने नहीं दिया गया। लोग शापिग किए बिना लौट गए। रेलवे ट्रैक पर किसान आंदोलन में हरे रंग की पगड़ी व हरे रंग के दुपट्टा पहने महिला व किसान सैकड़ों की संख्या में धरना में शामिल हुए।