पूर्व फौजी ने अपने घर के आगे ही खुद को लगाई आग
धनौला में घरेलू विवाद के चलते पूर्व फौजी ने अपने घर के आगे ही खुद को लगाई आग।
संवाद सूत्र, बरनाला :
धनौला में घरेलू विवाद के चलते पूर्व फौजी ने अपने घर के आगे ही खुद को आग लगा ली, शोर मचने पर आस पास मौजूद लोगों ने उसे अस्पताल पहुंचा। सिविल अस्पताल धनौला में भर्ती पूर्व फौजी हरप्रीत सिंह ने बताया कि उसको उसके परिवार वालों ने दीवाली से दो दिन पहले घर से निकाल दिया था, जिसके चलते वह डेरे में रह रहा था। जब वह शुक्रवार को अपने बच्चों को मिलने के लिए अपने घर गया तो उसको उनके परिवारिक सदस्यों ने घर में दाखिल नहीं होने दिया, जिससे परेशान होकर उसने खुद को आग लगा ली।
लोगों ने कहा, हरप्रीत सिंह काम धंधा नहीं करता था, जिसके चलते घर में अकसर ही कलेश रहता था। कुछ समय पहले ही वह गाड़ी को बेचकर धनौला के डेरे में रहने लगा। शुक्रवार को जब वह डेरे के दो लोगों के साथ घर पहुंचा तो उसने घर पर आते ही खुद को आग लगा ली। जिसके बाद उसके साथी उसको अस्पताल में छोड़कर भाग गए, हालत गंभीर होने के कारण साबका फौजी को पटियाला रेफर कर दिया गया। उसकी दो बेटियां व दो बेटे हैं एक लड़की 19 वर्ष की, दूसरी 17 वर्ष की जबकि एक बेटा 15 वर्ष का तो दूसरा 8 साल का है।
उसकी पत्नी परमजीत कौर ने बताया कि उनका घर डेरे में रहने वालों ने ही उजाड़ा है, क्योंकि वहां के लोग ही उसके पति को नशे के लिए लेकर जाते रहते हैं। इस लिए डेरे में रह रहे लोगों पर कारवाई होनी चाहिए।