सीपीआइ ने मोदी सरकार का पुतला फूंका
लाल सिंह धनौला के नेतृत्व में बस अड्डा धनौला में मोदी सरकार का पुतला जलाकर रोष प्रदर्शन किया गया।
संवाद सूत्र, धनौला, बरनाला : सीपीआइएम धनौला की इकाई द्वारा कुल हिंद खेत मजदूर यूनियन पंजाब के जनरल सेक्रेटरी कामरेड लाल सिंह धनौला के नेतृत्व में बस अड्डा धनौला में मोदी सरकार का पुतला जलाकर रोष प्रदर्शन किया गया। इस मौके पर कामरेड लाल सिंह ने कहा कि मोदी सरकार द्वारा कोरोना महामारी की आड़ में जनता विरोधी फैसले लिए जा रहे है। उन्होंने कहा कि तेल व डीजल की कीमतें बढ़ाई जा रही है, जबकि कच्चे तेल की कीमतों सबसे निचले स्तर पर थी। उन्होंने बताया कि सरकार कॉरपोरेट घराने को फायदा पहुंचाने के लिए खेती संबंधी तीन बिल पास कर चुकी है। मोदी सरकार ने मजदूर विरोधी कानून बनाए हैं। उन्होंने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर जनता विरोधी फैसले वापस नहीं लिए गए, तो देश स्तर पर संघर्ष को तीव्र किया जाएगा। इस अवसर पर जरनैल सिंह दानगढ़, जग्गा सिंह धनौला, बावा सिंह, बाबू खान, दर्शन सिंह भूरे, नंबरदार दर्शन सिंह हरीगढ़, सुदागर सिंह उप्पली, सुखदेव सिंह, बचित्तर सिंह, मलकीत सिंह कोटदुन्ना, जीता सिंह, गुरतेज सिंह, गुरजीत सिंह आदि उपस्थित थे।