बाजार में ठेका खोलने के विरोध में लगाया धरना
शहर के मुख्य चौराहे पर शराब का ठेका खोलने के विरोध में प्रदर्शन किया।
संवाद सहयोगी, तपा, बरनाला : शहर के मुख्य चौराहे पर शराब का ठेका खोलने के विरोध में शुक्रवार को शहर निवासियों ने धरना देकर विरोध किया तथा ठेका शहर से बाहर ले जाने की मांग की। धरने में व्यापार मंडल सिटी वेलफेयर सोसाइटी सहित अन्य धार्मिक व राजनीतिक पार्टियों के नेता भी मौजूद थे। धरने को संबोधित करते हुए सिटी वेलफेयर सोसायटी के अध्यक्ष सतपाल गोयल व व्यापार मंडल तपा के अध्यक्ष दीपक बंसल ने बताया कि शहर के बीचो-बीच ठेका खोलना सरासर गलत है। इससे आसपास की दुकानों पर आने वाले ग्राहकों पर बुरा असर पड़ेगा। उन्होंने बताया कि यह शहर का मुख्य बाजार होने के कारण महिलाओं व लड़कियों का बड़े स्तर पर आवागमन है। शराब का ठेका खुलने से शहर में असामाजिक तत्वों में वृद्धि होगी। जिससे शहर की लड़कियां बहू-बेटियां सुरक्षित नहीं होंगी। उन्होंने प्रशासन और सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि उनकी तरफ से यह सांकेतिक धरना लगाया गया है, यदि जल्द ही ठेका यहां से न हटाया गया तो संपूर्ण बाजार बंद करके पक्के तौर पर धरना लगाया जाएगा। इस मौके पर लोगों ने कहा कि शहर के अंदर शराब के ठेकों की वजह से आए दिन लड़ाई झगड़े होते रहते हैं। इसके अलावा शराब पीने के आदी भी उल्टी सीधी हरकत करते रहते हैं। इसलिए शहर के अंदर किसी हालत पर शराब के ठेके नहीं खोलने दिए जाएंगे।
इस मौके पर मौजूदा पार्षद डा. सोनिका बंसल, पार्षद धर्मपाल शर्मा, पूर्व पार्षद गुरमीत सिंह, मदन लाल गर्ग, सुभाष गुप्ता, पार्षद हरदीप पोपल, अशोक गुप्ता, पंकज मित्तल, अशोक मित्तल, रोहित, अतुल सिगला, हैप्पी आदि उपस्थित थे।