क्रिसमस आज, गिरजाघरों में की गई तैयारी
क्रिसमस पर्व की तैयारियां जिला बरनाला में पूरी हो चुकी है। लोगों में उत्साह पाया जा रहा है।
संवाद सूत्र, बरनाला : क्रिसमस पर्व की तैयारियां जिला बरनाला में पूरी हो चुकी है। लोग क्रिसमस पर्व को यादगार बनाने में जुटे हुए हैं। बाजार में चहल पहल बढ़ा हुआ है। इस अवसर पर जानकारी देते हुए पास्टर एसोसिएशन के अजीत सिंह ने बताया कि प्रभु यीशु के जन्म दिवस को यादगार बनाने के लिए कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिला बरनाला में जगह-जगह पर बनी चर्च में क्रिसमस का पर्व उत्साह के साथ मनाया जाएगा। जैसे ही घड़ी की सुई रात के बारह बजे पर पहुंचेगी, वैसे ही चर्च में घंटी बजने लगेगी। साथ ही साथ आतिशबाजी का भी क्रम शुरू हो जाएगा। उन्होंने कहा कि कोरोना काल में भी क्रिसमस को लेकर मसीही समाज के लोगों में गजब का उत्साह दिख रहा है। सभी कोविड-19 के गसइडलाइन का पालन करते हुए इस पर्व को धूमधाम से मनाएंगे। क्रिसमस सुख, शांति और समृद्धि का सूचक है। इस पर्व को लेकर मसीही समुदाय में विशेष उत्साह रहता है। क्रिसमस की खुशियां एक जनवरी तक मनाई जाएंगी। प्रभु यीशु के जन्मोत्सव का जश्न मनाने के लिए घर, दुकान, होटल, रेस्टोरेंट और चर्चों को रंग-बिरंगी झालर, स्टार, जिगल बेल, गोल्डन बॉल, गोल्डन लाइट झालर से सजाया गया है। उन्होंने कहा कि जिला बरनाला की संधू कालोनी, मोरा वाली पही, हरी नगर व एयर फोर्स स्टेशन के समक्ष बनी चर्च में सभी श्रद्धालु 25 दिसंबर को एकत्र होंगे। जहां पर कार्यक्रम होगा व प्रभु यीशु के गीत गाए जाएंगे। इसके अलावा अन्य कई तरह के कार्यक्रम करवाने की तैयारी भी की गई है।