संस, बरनाला : जिला से हजारों की संख्या में किसान दिल्ली कूच कर चुके हैं। हरियाणा के बहादुरगढ़ में दिल्ली बार्डर पर भाकियू के किसान चार दिन से धरने पर बैठे है। इस दौरान किसानों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। किसानों को दिन व रात सड़कों पर बितानी पड़ रही है। सुबह की चाय से लेकर लंगर नेशनल हाईवे पर ही तैयार किया जा रहा है।
भाकियू उगराहां बरनाला के जिला प्रधान चमकौर सिंह व ब्लाक प्रधान बलौर सिंह छन्ना ने कहा कि दिल्ली कूच में लाखों किसानों के काफिले से करीब 100 किमी लंबा जाम लगा है। जिस कारण किसानों द्वारा अब दिल्ली के बाहर ही पक्का मोर्चा लगा दिया है। ऐसे में सैकड़ों वाहनों में हजारों किसानों के लिए पुख्ता प्रबंध किए हैं। उन्होंने कहा कि किसानों द्वारा अगर संघर्ष तीन माह तक भी चला, तो इतना राशन जुटा लिया है कि खत्म नहीं होगा।
बहादुरगढ़ में दिल्ली बार्डर पर पक्का मोर्चे में डटे किसान नौ डिग्री तापमान के बावजूद सड़को पर बिस्तर लगाकर रात बिता रहे है। इसके साथ किसानों द्वारा तंबू, ट्रालियों में सहारा लिया जा रहा है। वहीं कई किसान खांसी, जुखाम व बुखार से पीड़ित हो चुके है। चमकौर सिंह व बलौर सिंह छन्ना ने कहा कि हरियाणा के किसान और समाजसेवी संगठन पंजाब के लोगों व किसानों का साथ दे रहे हैं। हरियाणा के किसानों व गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटियों समेत विभिन्न नेता चाय, पानी, खाने पीने का सामान जुटा रहे हैं।
वहीं जिले में किसानों का धरना अब तीसरे माह में प्रवेश हो गया है। कृषि सुधार कानून रद करने की मांग को लेकर संघर्ष किया जा रहा है। 13 अक्टूबर से भाजपा जिला प्रधान यादविदर शंटी, एक माह से भाजपा पंजाब नेता अर्चना दत्त, 60 दिन से रेलवे स्टेशन के बाहर, हंडिआया रोड शापिग मार्ट, बरनाला-बाजाखाना रोड शापिग माल, हंडिआया, धनौला, संघेडा, धौला पैट्रोल पंप समेत बड़बर व महलकलां टोल प्लाजा समेत जिले में करीब 15 जगहों पर धरना दिया जा रहा है। सोमवार को किसानों ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा कारपोरेट घरानों को लूट करने की छूट दे दी गई है व निरंतर सरकारी विभागों का निजीकरण किया जा रहा है। यही नहीं, किसान विरोधी कृषि कानून तक पास कर दिए गए हैं, जिसके कारण रोष की लहर बढ़ती ही जा रही है। उन्होंने कहा कि अगर केंद्र सरकार ने किसान विरोधी काले कानूनों रद नहीं किए तो इससे भी तीखा संघर्ष करने के लिए मजबूर होंगे।
ਪੰਜਾਬੀ ਵਿਚ ਖ਼ਬਰਾਂ ਪੜ੍ਹਨ ਲਈ ਇੱਥੇ ਕਲਿੱਕ ਕਰੋ!
में कोरोना वायरस से जुडी सभी खबरे