युवक के कंधे पर फिरी चाइनीज डोर, दस टांके लगे
चाइनीज डोर के खिलाफ पुलिस की सख्ती के बावजूद शहर में लोहड़ी पर्व पर पतंगें उड़ाने के लिए धड़ाधड़ गट्टू का इस्तेमाल हुआ।
जागरण संवाददाता, अमृतसर
चाइनीज डोर के खिलाफ पुलिस की सख्ती के बावजूद शहर में लोहड़ी पर्व पर पतंगें उड़ाने के लिए धड़ाधड़ गट्टू का इस्तेमाल हुआ। इस जानलेवा डोर का बाइक सवार युवक शमशेर सिंह, जो घर से ड्यूटी को जा रहा था, निशाना बना। चाइनीज डोर की चपेट में आने से उसके कंधे पर काफी गहरा घाव बन गया।
डोर फिरते ही शमशेर के कंधे से खून बहना शुरू हो गया और वह अपनी बाइक से नीचे गिर पड़ा। लोगों ने शमशेर को अस्पताल पहुंचाया। शमशेर के कंधे पर करीब 10 टांके लगे।
शमशेर सिंह निवासी गांव रामपुरा ने बताया कि वह रणजीत एवेन्यू एक अस्पताल में नौकरी करता है। सुबह 6 बजे वह बाइक पर ड्यूटी पर आ रहा था। अभी वह रणजीत एवेन्यू बी ब्लाक में पहुंचा था कि अचानक से उसके कंधे के साथ डोर अड़ गई। बाइक की स्पीड भी ज्यादा नहीं थी। बावजूद इसके डोर ने पहले जैकेट को चीर दिया, नीचे शर्ट को भी फाड़ कर कंधे पर काफी गहरा घाव कर दिया।
शमशेर ने बताया कि जब डोर उसके कंधे पर लगी तो बाइक का संतुलन भी बिगड़ गया और वह जमीन पर गिर पड़ा। उसके कपड़े खून से भर गए और वह दर्द से चिल्ला रहा था। उसे देखकर लोग जमा हो गए। लोगों ने एम्बुलेंस वालों और पुलिस को सूचित कर अस्पताल तक पहुंचाया।