महिलाओं ने युवक के सिर से उतारा आशिकी का भूत
। सिविल अस्पताल में युवती को छेड़ने वाले एक युवक को नानी याद आ गई। इस युवक को महिला सुरक्षा कर्मचारी ने जमकर पीटा।
जागरण संवाददाता, अमृतसर
सिविल अस्पताल में युवती को छेड़ने वाले एक युवक को नानी याद आ गई। इस युवक को महिला सुरक्षा कर्मचारी ने जमकर पीटा। छेड़छाड़ की शिकार युवती भी ताव में आ गई। उसने भी इस युवक के गाल पर चार-पांच झापड़ रसीद कर दिए। पिटते हुए युवक का वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ है।
दरअसल, सिविल अस्पताल में वीरवार को एक युवक आया। यह युवक पहले भी अस्पताल में संदिग्ध हालत में घूमता दिखाई देता था। तकरीबन दो बजे यह युवक अस्पताल की कैंटीन के नजदीक खड़ा हो गया। इसी दौरान अस्पताल में आई एक युवती को घूरने लगा। इसके बाद युवक ने इस युवती से कहा कि वह उसके साथ संबंध बनाना चाहता है। इस बात से युवती आवेश में आ गई। उसने पहले उसे बुरा-भला कहा और फिर सिविल अस्पताल में कार्यरत महिला सुरक्षा कर्मी नर्गिस को बुलाया। नर्गिस ने युवक से पूछताछ की तो वह गलती मानने की बजाय उसे भी आंखें दिखाने लगा। इस पर नर्गिस ने उसे कॉलर से पकड़ा और थप्पड़ रसीद किए। नारी शक्ति की ताकत शायद इस युवक को मालूम न थी। जब आठ दस थप्पड़ इसके गाल पर पड़े तो उसकी आंखें खुलीं। बताया जाता है कि यह युवक शराब के नशे मे धुत था। नर्गिस के तेवर देखते हुए छेड़छाड़ की शिकार कमजोर सी युवती का खून भी खौल गया। उसने भी युवक को जमकर पीटा। तकरीबन दस मिनट तक पिटने के बाद इस युवक को अपनी गलती का अहसास हुआ। वह वहां से भागने लगा, पर नर्गिस ने उसे दबोच लिया। नर्गिस ने कहा कि वह युवती को बहन कहे और पैर पकड़कर माफी मांगे। युवक ने युवती के पैरों को हाथ लगाकर उठा खड़ा हुआ। नर्गिस ने उससे कहा कि ऐसे नहीं, पूरी तरह झुककर पैर पकड़ो और माफी मांगो। मरता क्या न करता, वह फिर ये युवती के पैरों पर गिर पड़ा। फिर उठकर उसे सिर पर हाथ रखकर बहन कहकर गलती मानी। इसके बाद दोनों ने युवक को जाने दिया।
युवक की पिटाई की सारी घटना अस्पताल के कर्मचारियों ने अपने मोबाइल में कैद कर ली। बाद में इसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया।
सिविल अस्पताल के एसएमओ डॉ. अरुण शर्मा ने कहा कि उन्हें घटना की जानकारी मिली है। इस संदर्भ में पुलिस को सूचित किया जा रहा है। सिविल अस्पताल में महिलाओं की सुरक्षा यकीनी बनाई गई है। यदि कोई इस प्रकार की हरकत करता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। 2017 में महिला सफाई कर्मियों ने झाड़ू से पीटा था मनचले को
सिविल अस्पताल में 2017 में एक ऐसी ही घटना हुई थी। एक युवक ने महिला सफाई कर्मचारी को देखकर अश्लील इशारे किए थे। इस पर सफाई कर्मी ने उसे पकड़ा और झाड़ू से पीटा था। अस्पताल की बाकी सफाई कर्मचारियों ने भी झाड़ू उठा कर इस मनचले की आशिकी उतारी थी।