किसानों का विरोध देख लौटे श्वेत मलिक, दोबारा पहुंच किया जिम का उद्घाटन
राज्यसभा सदस्य व भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष श्वेत मलिक को शुक्रवार की सुबह पुतलीघर के निक्का सिंह कालोनी स्थित पार्क में किसानों और क्षेत्र के लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा
जासं, अमृतसर : राज्यसभा सदस्य व भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष श्वेत मलिक को शुक्रवार की सुबह पुतलीघर के निक्का सिंह कालोनी स्थित पार्क में किसानों और क्षेत्र के लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा। मलिक ने पश्चिम विधान सभा इलाका निक्का सिंह कालोनी, पुतलीघर के पार्क में ओपन जिम का शुभारम्भ करना था। मलिक के निक्का सिंह कालोनी में पहुंचने की सूचना पर बड़ी संख्या में लोग वहां एकत्र हो गए। हवारा कमेटी के सदस्य जसपाल सिंह पुतलीघर सहित अन्य लोग मलिक के पहुंचते ही उनकी गाड़ी का घेराव कर नारेबाजी करने लगे। विरोध के चलते राज्यसभा सदस्य वापस लौट गए और कुछ समय बाद दोबारा निक्का सिंह कालोनी पहुंच जिम का उद्घाटन किया।
श्वेत मलिक के शहर में सौ ओपन जिम शुरू किए जाने की कड़ी में पुतलीघर स्थित निक्का सिंह कालोनी में इसकी शुरुआत करनी थी। राकेश गिल की अध्यक्षता में आयोजित किए गए इस कार्यक्रम में राज्यसभा सदस्य मुख्य मेहमान के तौर पर पहुंचे थे। इस अवसर पर मीनू सहगल, डा हरविदर सिंह संधू, संतोख सिंह गुमटाला, जतिदर पाल सिंह गोलू, शशि गिल, रणधीर सिंह रंधावा, नरेश खुल्लर, जतिदर थिद, कैलाश चंद शर्मा, जगजीत गिल, उषा कौर भी उपस्थित थे।
विरोध करने वाले किसान नहीं, कांग्रेसी थे
श्वेत मलिक ने कहा कि उनका विरोध किसानों ने नहीं किया बल्कि, विरोध करने वाले कांग्रेस के लोग थे। किसान कभी विकास का विरोध नहीं करते और कांग्रेस तो हमेशा से देश के विकास की विरोधी रही है। जब-जब कांग्रेस की सरकार बनी लोग विकास को तरस गए। किसानों के विकास का रास्ता खोलेगा कृषि सुधार कानून
उन्होंने कहा कि कृषि सुधार कानून किसानों के खिलाफ नहीं उनके विकास का एक नया रास्ता है। किसानों के आंदोलन की आड़ में कांग्रेसी और देश विरोधी ताकतें इसका विरोध कर रहीं हैं। वरिष्ठ भाजपा नेता डा. हरविदर सिंह संधू ने कहा कि ओपन जिम का फायदा इलाका के युवा ही नहीं बल्कि बच्चे और बुजुर्ग भी उठा कर खुद को फिट रख सकेंगे।