किसान मजदूर संघर्ष कमेटी ने पुतला फूंक किया प्रदर्शन
किसान मजदूर संघर्ष कमेटी पंजाब के राज्यव्यापी आह्वान पर किसानों ने रोष-प्रदर्शन किए और सरकारों के पुतले फूंककर नारेबाजी की।
जासं, अमृतसर : किसान मजदूर संघर्ष कमेटी पंजाब के राज्यव्यापी आह्वान पर किसानों ने रोष-प्रदर्शन किए और सरकारों के पुतले फूंककर नारेबाजी की। अमृतसर में गोल्डन गेट के पास किसानों ने धरना देकर सरकार की किसान व मजदूर विरोधी नीतियों की निदा की। इस दौरान केंद्र सरकार व राज्य सरकार का पुतला भी फूंका गया। संगठन ने दावा किया कि राज्य भर में किसानों ने 60 स्थानों पर सरकारों के पुतले फूंक कर रोष व्यक्त किया है। प्रदर्शनकारी किसानों को संबोधित करते हुए किसान नेता सरवन सिंह पंधेर, गुरबचन सिंह चब्बा और रणजीत सिंह कलेरबाला ने कहा कि केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ राज्य भर में किसानों ने 60 स्थानों पर पुतले फूंक कर रोष प्रगट किया है। 31 जनवरी को किसान देश भर में सरकार की ओर से किए गए विश्वासघात दिवस का आयोजन करेंगे। उस दिन भी सरकार के पुतले राज्य भर में फूंके जाएंगे।