फताहपुर जेल में बने दो आइसोलेशन वार्ड
कोविड-19 के संक्रमण को रोकने के लिए फताहपुर जेल में दो आइसोलेशन वार्ड बनाए गए हैं।
जागरण संवाददाता, अमृतसर : कोविड-19 के संक्रमण को रोकने के लिए फताहपुर जेल में दो आइसोलेशन वार्ड बनाए गए हैं। लेकिन प्रशासन की सतर्कता के कारण यहां कोरोना नहीं पहुंच पाया है। बाहर से आने वाले नए कैदियों की पहले कोरोना जांच करवाई जाती है और फिर उन्हें अलग बैरक में रखा जाता है। कोरोना से निपटने के लिए जेल प्रशासन ने मार्च महीने में ही जेल में दो आइसोलेशन वार्ड बना लिए थे। ताकि जरूरत पड़ने पर कैदियों को जेल से बाहर किसी अन्य अस्पताल में भेजने की बजाय जेल के अंदर ही पुलिस की निगरानी में इलाज किया जा सके।
जेल सुपरिटेंडेंट अर्शदीप सिंह ने बताया कि कोरोना से निपटने के लिए जेल में इंतजाम पुख्ता हैं। कैदियों की डाइट का भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। फताहपुर जेल चार साल पहले ही बनी है। जेल में कैदी रखने की क्षमता 2360 है, लेकिन वर्तमान में इसमें 2193 कैदी रखे गए हैं। इनमें 125 महिलाएं हैं। जिनमें तीस महिलाएं बीते दिन पठानकोट जेल से यहां शिफ्ट की गई हैं। महामारी को देखते हुए पुलिस एक हजार से ज्यादा कैदियों को (छोटे अपराध) में रिहा भी कर चुकी है। जेल प्रशासन रोजाना कोरोना वायरस के बारे में कैदियों को जागरूक कर रहा है।