केंद्रीय हलके से डा. अजय गुप्ता को फिर टिकट, मजीठा से लाली होंगे आप के प्रत्याशी
आम आदमी पार्टी (आप) ने सोमवार को सातवीं सूची जारी की। इसमें जिले के बाकी रहते दो उम्मीदवारों की भी घोषणा कर दी गई।
विक्की कुमार, अमृतसर
आम आदमी पार्टी (आप) ने सोमवार को सातवीं सूची जारी की। इसमें जिले के बाकी रहते दो उम्मीदवारों की भी घोषणा कर दी गई। विधानसभा हलका केंद्रीय से पार्टी ने दोबारा डा. अजय गुप्ता पर विश्वास जताते हुए उन्हें उम्मीदवार घोषित किया है, जबकि पिछले विधानसभा चुनाव में वह अपनी जमानत भी नहीं बचा पाए थे। हलका मजीठा से सुखजिदर राज सिंह लाली मजीठिया को प्रत्याशी बनाया गया है। लाली मजीठिया ने शनिवार को ही आम आदमी पार्टी का दामन थामा था और उसी दौरान आप ने उन्हें हलका मजीठा से चुनाव लड़ाने की घोषणा कर दी थी। आप जिले में पहली ऐसी पार्टी बन गई है, जिसने यहां के सभी 11 विधानसभा हलकों से उम्मीदवारों का एलान कर दिया है। अब सभी हलकों में उम्मीदवार चुनाव प्रचार में जुट गए हैं। सोमवार को पार्टी की तरफ से जारी की गई सातवीं सूची में इन दो उम्मीदवारों का एलान किया गया। इससे पहले पार्टी ने छह सूची जारी की थी, जिसमें सभी हलकों के उम्मीदवारों का एलान कर दिया गया है। बुरी तरह हारे थे डा. अजय गुप्ता, तीन बार चुनाव लड़ चुके हैं लाली मजीठिया
वर्ष 2017 में हुए विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार डा. अजय गुप्ता विधानसभा हलका केंद्रीय से बुरी तरह हारे थे। उन्हें सिर्फ 7171 वोट ही पड़े थे। इसके बावजूद पार्टी ने उन्हें फिर से मैदान में उतारा है। यहां से उप मुख्यमंत्री ओम प्रकाश सोनी ने चुनाव जीता था। उन्हें 51242 वोट पड़े थे, जबकि भाजपा के तरुण चुघ को 30126 वोट मिले थे। इनके अलावा हलका मजीठा से सुखजिदर राज सिंह लाली मजीठिया तीन बार चुनाव लड़ चुके हैं। दो बार उन्होंने कांग्रेस से, जबकि एक बार आजाद उम्मीदवार चुनाव लड़ा था। तीनों बार वह रनरअप रहे थे। आप की ओर से जिले की 11 सीटों से उतारे गए प्रत्याशी
हलका - प्रत्याशी का नाम
पूर्वी - जीवनजोत कौर
पश्चिमी - डा. जसबीर सिंह
उत्तरी- पूर्व आइजी कुंवर विजय प्रताप सिंह
दक्षिणी - डा. इंद्रबीर सिंह निज्जर
केंद्रीय - डा. अजय गुप्ता
अटारी - रिटायर्ड एडीसी जसविदर सिंह
जंडियाला गुरु - रिटायर्ड ईटीओ हरभजन सिंह
राजासांसी - बलदेव सिंह मियादियां
अजनाला - कुलदीप सिंह धालीवाल
बाबा बकाला - दलबीर सिंह टौंग
मजीठा - सुखजिदर राज सिंह लाली मजीठिया
लाली को कब-कब चुनाव में कितने वोट मिले
वर्ष 2017 में लाली ने कांग्रेस पार्टी की तरफ से चुनाव लड़ा था और 42919 वोट हासिल किए थे। वर्ष 2012 में पार्टी ने उनकी जगह पर शैलेंद्र शैली को चुनाव मैदान में उतारा गया था, जिन्होंने पार्टी की किरकरी करवाते हुए अपनी जमानत तक जब्त करवा ली थी। उन्हें सिर्फ 7629 वोट मिले थे, जबकि आजाद उम्मीदवार के तौर पर चुनाव मैदान में उतरे लाली मजीठिया ने 23363 वोट हासिल किए थे। इसके अलावा वर्ष 2007 मे 28682 वोट हासिल किए थे।