5.6 एमएम बरसा पानी, तापमान में सात डिग्री आई गिरावट
राखी वाले दिन हुई तेज बारिश के कारण पिछले कई दिनों से पड़ रही गर्मी से लोगों को राहत मिली।
जासं, अमृतसर: राखी वाले दिन सुबह से दोपहर तक हुई तेज बारिश के कारण पिछले कई दिनों से पड़ रही गर्मी से लोगों को राहत मिली। इससे मौसम काफी सुहावना हो गया। जो युवतियां और महिलाएं अपने-अपने भाइयों को राखी बांधने के लिए जा रही थीं, वह झमाझम बारिश का आनंद लेती भी दिखाई दीं। बारिश होने से दिन के तापमान में करीब सात डिग्री की गिरावट दर्ज की गई और उमस से भी छुटकारा मिला। रविवार को 5.6 एमएम बारिश दर्ज की गई। वहीं अधिकतम तापमान 28.4 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 25.8 डिग्री दर्ज किया गया। इससे एक दिन पहले शनिवार को अधिकतम तापमान 35 डिग्री के करीब था। वहीं अगले एक-दो दिनों तक और बारिश होने व मौसम सुहावना रहने की संभावना है। बता दें कि इस बार मानसून जमकर बरस रहा है। हालांकि पिछले करीब एक महीने से तापमान में कमी तो आई है मगर उमस लोगों को अधिक परेशान कर रही है। थोड़ी देर भी अगर कोई व्यक्ति कहीं खड़ा होता है तो वह पसीने से बेहाल हो जाता है। फिलहाल लोगों को इस माह के अंत तक सुहावने मौसम का आनंद लेने का मौका मिलता रहेगा।