आइलेट्स सेंटर चलाने वाले ने नहर में कूदकर दी जान
मकबूलपुरा थाने की पुलिस ने आत्महत्या को उकसाने के आरोप में न्यू अमृतसर के 214 नंबर में रहने वाले विजय राणा के खिलाफ केस दर्ज किया है।
जासं, अमृतसर : मकबूलपुरा थाने की पुलिस ने आत्महत्या को उकसाने के आरोप में न्यू अमृतसर के 214 नंबर में रहने वाले विजय राणा के खिलाफ केस दर्ज किया है। सब इंस्पेक्टर जगबीर सिंह ने बताया कि आरोपित की गिरफ्तारी के लिए छापामारी की जा रही है। कुछ दिन पहले रोहित कुमार ने नहर में कूदकर जान दे दी थी। न्यू अमृतसर निवासी दीपिका ने बताया कि कुछ साल पहले उसकी शादी रोहित कुमार के साथ ही थी। रोहित कुमार आइलेट्स सेंटर के साथ-साथ इंग्लिश स्पोकन की भी कक्षाएं लगाते थे। कुछ समय से उसके पति का अपने करीबी विजय राणा के साथ काफी विवाद चल रहा था। उन्होंने पति को विवाद का कारण कई बार पूछा। लेकिन उन्होंने कुछ नहीं बताया। कुछ दिन पहले उनके पति ने नहर में कूदकर आत्महत्या कर ली थी। घटना के बाद उन्होंने परिवार के साथ मिलकर पुलिस के आला अधिकारियों को शिकायत दी थी। अब जांच के बाद पुलिस ने विजय राणा के खिलाफ आत्महत्या को उकसाने के आरोप में केस दर्ज कर लिया है।