पुलिस के पास पहुंचा मंदिर माता लाल देवी भवन के ट्रस्टियों का विवाद
सिद्ध पीठ माता लाल देवी भवन माडल टाउन में दो ट्रस्टियों के मध्य हुआ विवाद पुलिस के पास पहुंच गया है।
संवाद सहयोगी, अमृतसर: सिद्ध पीठ माता लाल देवी भवन माडल टाउन में दो ट्रस्टियों के मध्य हुआ विवाद पुलिस के पास पहुंच गया है। पुलिस ने ट्रस्ट के उपाध्यक्ष यशी राजा जोशी के बयानों पर ट्रस्ट के वरिष्ठ उपाध्यक्ष जुगल किशोर गुमटाला के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इस विवाद की वीडियो भी वायरल हुई है। इसमें जुगल किशोर गुमटाला व यश राजा जोशी धक्का-मुक्की करते दिखाई दे रहे हैं। विवाद के बाद वीरवार की रात को संगत ने धरना देकर गुमटाला के खिलाफ आवाज बुलंद कर दी।
पुलिस को दी शिकायत में यश राजा जोशी निवासी रानी का बाग ने बताया कि वह सिद्ध पीठ माता लाल देवी भवन में ट्रस्ट के उपाध्यक्ष हैं। वीरवार की शाम 6:30 बजे ट्रस्ट के वरिष्ठ उपाध्यक्ष जुगल किशोर गुमटाला से शेड के निर्माण के बारे पूछा गया तो उन्होंने मंदिर में उनके साथ गाली-गलौज करना शुरू कर दिया। इसके साथ उन्होंने थप्पड़ भी मारे। संगत ने आकर उनको बचाया। संगत के आने से गुमटाला मंदिर से चले गए। इन बयानों के आधार पर थाना कंटोनमेंट की पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। मंदिर के प्रबंधन को चलाने के लिए एक ट्रस्ट बनाया गया है, जिसके प्रधान विजय कुमार शर्मा, उपाध्यक्ष यश राजा जोशी हैं। इस विवाद के बाद संगत ने जो धरना लगाया था, उसमें संगत ने यह मांग की है कि वह इस बारे ठोस कार्रवाई करें। दूसरी तरफ जुगल किशोर गुमटाला ने कहा कि पुलिस ने जो केस दर्ज किया है, उसकी जांच के लिए पुलिस कमिश्नर को पत्र दिया गया है ताकि उसकी निष्पक्ष जांच की जाए। उन्होंने कहा कि उन पर लगाए गए आरोप निराधार हैं।