क्राफ्ट मेले के पहले दिन सजते रहे स्टाल, तेज हवाओं से उड़े टैंट
रंजीत एवेन्यू की दशहरा ग्राउंड में 10 जुलाई तक लगने वाले क्राफ्ट बाजार का पहला दिन स्टाल सजाने में ही गुजर गया।
जागरण संवाददाता, अमृतसर: रंजीत एवेन्यू की दशहरा ग्राउंड में 10 जुलाई तक लगने वाले क्राफ्ट बाजार का पहला दिन स्टाल सजाने में ही गुजर गया। स्टाल मालिकों को स्टाल लेने के लिए काफी परेशान होना पड़ा। कई स्टाल मालिकों के स्टाल के लिए आवेदन तो निकल आए, लेकिन उन्हें घंटों तक इंतजार करना पड़ा। स्टाल लगाने पहुंची महिलाओं ने कहा कि प्रशासन के प्रबंध अधूरे है। ग्राउंड में कहीं भी महिला शौचालय का बंदोबस्त तक नहीं किया गया, जिससे उन्हें परेशान होना पडे़गा। वहीं वीरवार को चली तेज हवाओं के कारण टेंट और बिछाए गए रेड कारपेट भी उड़ गए। रात आठ बजे के करीब यह मेला पूरी तरह सज गया था, जिसके बाद डीसी हरप्रीत सिंह सूदन ने इसका शुभारंभ किया। स्टाल संचालकों ने कहा, महिला शौचालय का बंदोबस्त ही नहीं
जयपुर से लकड़ी का स्टाल लगाने के लिए पहुंची संपति कुमावत व चंदा शर्मा ने कहा कि जिला प्रशासन की तरफ से लगाए गए क्राफ्ट बाजार में कई खामियां हैं। प्रशासन की तरफ से यहां पर महिलाओं के लिए शौचालय का कोई बंदोबस्त नहीं किया गया। प्रशासन को इसका पहले से इंतजाम करना चाहिए था। परेशान हुए स्टाल मालिकों ने लगाया भेदभाव का आरोप
वहीं नजीम अहमद का कहना था कि यहां स्टाल लगाने वाले लोगों को बुलाया गया था। कईयों के आवेदन की पर्चियां निकाली गई , लेकिन वह बिना ड्रा के ही निकाल दी गई और किसी को भी उसें नहीं बुलाया गया। यह तो सबके सामने किया जाना चाहिए था। उन्होंने कहा कि पर्चियों में क्या है और किनके नाम है, यह किसी को क्या पता है। उन्होंने कहा कि उन्हें इसके आवेदन के लिए पत्र तो दे दिया गया, लेकिन कई घंटों उन्हें इंतजार करना पड़ा। 10 जुलाई तक चलेगा मेला, देशभर के हस्तकला के कारीगर लगा रहे स्टाल
भारत सरकार के टैक्सटाइल मंत्रालय और पंजाब सरकार के सहयोग से रंजीत एवेन्यू की दशहरा ग्राउंड में यह क्राफ्ट बाजार 10 जुलाई तक लगाया जा रहा है, जिसमें देशभर से अलग-अलग हस्तकला से संबंधित कारीगर अपने सामान की प्रदर्शनी लगाने के लिए पहुंचे है। इस क्राफ्ट बाजार में लकड़ी, कपड़ा, लोहा, पतथर, बांस, जुट, धागा, कांच आदि के इस्तेमाल से कारीगरों द्वारा हस्तकला से तैयार किए गए सामान को प्रदर्शित किया जा रहा है।