दोनों तहसीलों का सर्वर रहा डाउन, परेशान रहे लोग
शुक्रवार को दोनों तहसीलों का सर्वर सारा दिन डाउन ही रहा जिससे यहां रजिस्ट्री करवाने पहुंचे लोग परेशान होते रहे।
जागरण संवाददाता, अमृतसर: शुक्रवार को दोनों तहसीलों का सर्वर सारा दिन डाउन ही रहा, जिससे यहां रजिस्ट्री करवाने पहुंचे लोग परेशान होते रहे और कई-कई घंटों रजिस्ट्री करवाने के लिए अपनी बारी का इंतजार करते रहे। हालात तो यह रहे कि एक बुजुर्ग महिला सुबह 10 बजे से दोपहर ढ़ाई बजे तक व्हील चेयर पर अपनी बारी का इंतजार करती रही। दोनों तहसीलों में डाक्यूमेंट्स को स्कैन कर दिया गया और रजिस्ट्री के लिए मैनुअली मोबाईल से लोगों की फोटो खींचे गए। अब इन लोगों को डाक्यूमेंट्स सोमवार को अगर सर्वर चला तो ही अपलोड किए जाएंगे। तहसील टू में 100 और तहसील वन में 65 के करीब डाक्यूमेंट स्कैन किए गए। सर्वर डाउन की शिकायतें लेकर लोग अधिकारियों के पास जाते रहे, लेकिन कोई अधिकारी उन्हें नहीं मिला, जिस कारण उन्हें परेशान होना पड़ा। बता दें कि पंजाब सरकार की तरफ से रजिस्ट्री की अप्वाइंटमेंट लेने के लिए 500 रुपये फीस ले रहे हैं। पैसे खर्चने के बावजूद लोगों को घंटों तक इंतजार करना पड़ रहा है। बुजुर्ग महिला ने अपना नाम तो बताने से इंकार कर दिया, लेकिन उन्होंने यह जरूर कहा कि अप्वाइंटमेंट के लिए सरकार ने 500 रुपये की फीस तो लगा दी है, लेकिन सिस्टम को अपडेट क्यो नहीं किया गया। दोनों तहसीलों में बुजुर्गों के लिए कोई व्यवस्था नहीं
दोनों तहसीलों में बुजुर्गों के लिए कोई व्यवस्था नहीं की गई है। जहां एक बुजुर्ग महिला व्हील चेयर पर कई घंटे इंतजार करती रही, वहीं एक बुजुर्ग लाठी के सहारे तहसील-टू में पहुंचा था। प्रशासन की तरफ से यहां पर बुजुर्ग या दिव्यांगों के लिए व्हील चेयर तक का कोई इंतजाम नहीं है। शुक्रवार को तहसील में पहुंचे इन बुजुर्गों के परिवार वाले सरकार को ही कोसते रहे। उनका कहना था कि अगर सरकार उनसे रेवेन्यू ले रही है तो कम से कम कोई सुविधाएं तो लोगों को दे देनी चाहिए। पूरे पंजाब का सर्वर डाउन था : डीआरओ
डिस्ट्रिक रेवेन्यू अफसर मुकेश शर्मा का कहना था कि पूरे पंजाब का सर्वर डाउन था। इस बाबत उच्चाधिकारियों को बता दिया गया है और उसे ठीक करने का काम चल रहा है। जल्द ही सर्वर ठीक हो जाएगा और बड़े ही आराम से यह काम चलेगा।