सतिदरजीत छज्जलवड्डी की घर वापसी, जंडियाला गुरु से शिअद उम्मीदवार बने
विधानसभा हलका जंडियाला गुरु से घोषित किए गए प्रत्याशी मलकीयत सिंह एआर की तबीयत ठीक न होने की वजह से अब उनकी सतिदरजीत सिंह छज्जलवड्डी चुनाव लड़ेंगे।
जागरण संवाददाता, अमृतसर: विधानसभा हलका जंडियाला गुरु से घोषित किए गए प्रत्याशी मलकीयत सिंह एआर की तबीयत ठीक न होने की वजह से अब उनकी सतिदरजीत सिंह छज्जलवड्डी चुनाव लड़ेंगे। 2008 में कांग्रेस में शामिल हो गए पूर्व अकाली नेता रणजीत सिंह छज्जलवड्डी ने घर वापसी से अकाली खुश है। अकाली दल अध्यक्ष सुखबीर बादल ने छज्जवलड़ी परिवार की वापसी पर बेटे सतिदरजीत सिंह को जंडियाला गुरु से कांग्रेसी नेता सुखविदर सिंह डैनी बंडाला के खिलाफ मैदान में उतार दिया है। रणजीत सिंह खुद छज्जलवड्डी खुद तीन बार अकाली दल की टिकट पर विधायक रह चुके हैं।
रणजीत सिंह छज्जलवड़ी अकाली दल के सीनियर नेताओं में से एक रहे। 1985 में उन्होंने जंडियालागुरु सीट 1500 वोट, 1992 में खडूर साहिब सीट 700 वोट और 1997 में खडूर साहिब सीट 34 हजार वोटों से जीती थी। लेकिन 2007 में अकाली दल ने रणजीत सिंह को टिकट देने से मना कर दिया। खफा होने पर 2008 में छज्जलवड़ी परिवार ने अकाली दल से नाता तोड़ा और कांग्रेस में चले गए। 2012 में बाबा बकाला साहिब से टिकट भी मिला, लेकिन हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद कांग्रेस ने ना 2017 और ना ही 2022 में छज्जलवड़ी परिवार पर दांव खेला।