शिवाला कालोनी के सचिन गुप्ता बने थे हंसलो में सबसे कम उम्र के मेयर
जिले के ऐसे कई लोग हैं जो देश के विकास में अपना योगदान ही नहीं दे रहे बल्कि विदेश में भी शहर का नाम रोशन कर रहे हैं।
जासं, अमृतसर : जिले के ऐसे कई लोग हैं जो देश के विकास में अपना योगदान ही नहीं दे रहे बल्कि विदेश में भी शहर का नाम रोशन कर रहे हैं। ऐसे कई लोग हैं जिन्होंने समाज के लिए कुछ करने का सोचा और उनके साथ कारवां जुड़ता गया। आखिर आज वो दूसरों के लिए प्रेरणास्त्रोत बने हुए हैं। इनमें शहर की शिवाला कालोनी की कोठी नंबर 278 में जन्मे और वहीं की गलियों में पले-बढ़े सचिन गुप्ता भी शामिल हैं। सचिन वर्ष 2013 में लंदन के शहर हंसले के मेयर निर्वाचित हुए थे। सचिन खुद तो क्रिकेट के शौकीन थे, मगर उन्होंने लंदन में राजनीति के मैदान में जबरदस्त छक्का जड़कर सबको हतप्रभ कर दिया था। सचिन अब तक लंदन में सबसे कम उम्र के मेयर चुने गए थे। उनकी इस उपलब्धि के चर्चे पंजाब में भी छिड़े थे। दरअसल, हंसलो लंदन का वह क्षेत्र है जहा 25 प्रतिशत भारतीय रहते हैं और बाकी 75 प्रतिशत वहा के लोग हैं। ऐसे में सचिन का मेयर चुना जाना बड़ी बात थी, क्योंकि सचिन वहा पर पढ़ाई करने के लिए गए थे।
सचिन की पढ़ाई केबीआर माडर्न स्कूल व डीएवी कालेज अमृतसर में हुई। 1998 में वह एमबीए करने के लिए लंदन गए। 2010 में वह पहली बार वहा के कौंसलर बने। इसके बाद उन्होंने 2013 में मेयर का चुनाव लड़ा और भारी मतों से विजयी रहे। पढ़ाई के दौरान ही सचिन ने वहीं स्टडी कर रही शालू गुप्ता को पसंद किया। शालू का परिवार होशियारपुर के दसूहा का रहने वाला है। सचिन की शादी 23 नवंबर 2005 को हुई थी।