वांछित हथियार तस्कर राहुल का चचेरा भाई निकला पटवा, दो दिन के रिमांड पर
पुलिस को वांछित चल रहा हथियार तस्कर राहुल का चचेरा भाई आरोपित राम सिंह पटवा निकला। घरिडा थाने की पुलिस ने रविवार को उसे ड्यूटी मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया।
जागरण संवाददाता अमृतसर : पुलिस को वांछित चल रहा हथियार तस्कर राहुल का चचेरा भाई आरोपित राम सिंह पटवा निकला। घरिडा थाने की पुलिस ने रविवार को उसे ड्यूटी मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया। कोर्ट ने आरोपित मध्य प्रदेश के जिला बुराहनपुर निवासी राम सिंह पटवा को दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा है।
मामले की पैरवी कर रहे सब इंस्पेक्टर अमनदीप सिंह ने बताया कि पुलिस हिरासत में राम सिंह पटवा, चंद्रपाल सिंह और करोड़ सिंह से पता लगाया जा रहा है कि वे पंजाब भर में कहां-कहां हथियारों की तस्करी कर चुके हैं।
जांच में सामने आया है कि आरोपितों ने दस साल पहले यूपी से हथियारों की तस्करी दिल्ली और नोयडा में की थी। लेकिन अब वे मध्य प्रदेश से हथियार लाकर पंजाब में बेच रहे हैं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आने वाले दिनों में फताहपुर जेल में बंद आकाशदीप सिंह को प्रोडक्शन वारंट पर लाया जाएगा। आकाशदीप सिंह को सुरक्षा एजेंसियों ने साल 2019 में ड्रोन से हथियार मंगवाने और ठिकाने लगाने के आरोप में गिरफ्तार किया था।
एसएसपी ध्रुव दहिया ने बताया कि हथियार तस्कर राहुल की गिरफ्तारी के बाद बड़े राजफाश होंगे। फिलहाल पकड़े गए तस्कर करोड़ सिंह, चंद्रपाल सिंह और राम सिंह पटवा के मोबाइल नंबरों को भी खंगाला जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि अमृतसर देहाती पुलिस ने शुक्रवार को उक्त तीनों आरोपितों को मध्य प्रदेश पुलिस की सहायता से गिरफ्तार किया था। आरोपितों के कब्जे से 30 पिस्तौल और 32 मैगजीन बरामद किए थे। जांच में सामने आया था कि आरोपित पंजाब में आतंकी, गैंगस्टर और लूटपाट करने वाले गिरोहों को हथियारों की सप्लाई कर रहे थे।