राजेवाल ने ज्ञानी हरप्रीत सिंह और बाबा धुम्मा के साथ की गुप्त बैठक
भारतीय किसान यूनियन के एक ग्रुप के अध्यक्ष व संयुक्त किसान मोर्चा के नेता बलबीर सिंह राजेवाल ने 30 अप्रैल को श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी हरप्रीत सिंह के साथ मुलाकात की।
जासं, अमृतसर: भारतीय किसान यूनियन के एक ग्रुप के अध्यक्ष व संयुक्त किसान मोर्चा के नेता बलबीर सिंह राजेवाल ने 30 अप्रैल को श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी हरप्रीत सिंह के साथ मुलाकात की। यह गुप्त रखी गई। करीब एक घंटा राजेवाल ने ज्ञानी हरप्रीत सिंह के साथ कृषि आंदोलन पर बातचीत की, परंतु संपर्क करने पर न तो राजेवाल और न ही ज्ञानी हरप्रीत सिंह ने इस बैठक के कारणों को उजागर किया। इसके बाद राजेवाल ने दमदमी टकसाल मेहता के हेडक्वार्टर में टकसाल के मुखी बाबा हरनाम सिंह धुम्मा के साथ करीब एक घंटा दस मिनट बैठक की है। बातचीत को भी दोनों नेताओं ने गुप्त रखा है।
दोनों बैठकों में हुई मुद्दों की बातचीत को गुप्त रखे जाने को लेकर एक बार फिर किसानी आंदोलन में आने वाले दिनों में होने वाले बदलाव के रूप में देखा जा रहा है। चर्चा है कि दिल्ली में चल रहे किसान मोर्चे में किसानों की संख्या में भारी कमी आई है। किसानी नेतृत्व में कहीं न कहीं दिखाई दे रहा है कि आने वाले दिनों में दिल्ली मोर्चा कमजोर पड़ सकता है। इसको लेकर संयुक्त किसान मोर्चे की सभी जत्थेबंदियों के नेता चिता में हैं। मोर्चे में किसी न किसी रूप में किसानों की संख्या को बढ़ाने की योजना चल रही है। इसी के तहत किसान नेता धार्मिक व राजनीतिक संगठनों का समर्थन हासिल करने की तैयारियों में लगे हुए हैं।
मोर्चा के सूत्रों से ही पता चला है कि कृषि आंदोलन को दोबारा धार देने के लिए किसानों ने अब आने वाले दिनों ने अलग अलग संगठनों के साथ साथ आम लोगों तक भी पहुंच करने की योजना बनाई है। उधर किसान मजदूर संघर्ष कमेटी के नेता भी गांवों में जाकर बैठकें कर रहे है।