विशाल विहार में टावर के विरोध में प्रदर्शन
बटाला रोड स्थित विशाल विहार में मोबाइल टावर लगाए जाने के विरोध में बुधवार को समूह इलाका निवासियों ने जिला प्रशासन के खिलाफ रोष प्रदर्शन किया।
जागरण संवाददाता, अमृतसर: बटाला रोड स्थित विशाल विहार में मोबाइल टावर लगाए जाने के विरोध में बुधवार को समूह इलाका निवासियों ने जिला प्रशासन के खिलाफ रोष प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि वार्ड नंबर 18 के पार्षद संदीप कुमार द्वारा नाजायज तौर पर वार्ड 15 में टावर लगा कर इलाके के लोगों को परेशान किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि वे इलाका पार्षद पिकी देवी से भी मिले, पर किसी तरह की कोई सुनवाई नहीं की जा रही है। तीन दिन पहले कंपनी द्वारा टावर को चालू करने आए लोगों का इलाका निवासियों द्वारा विरोध करने पर विजयनगर पुलिस द्वारा टावर लगाने आए कर्मियों को हिरासत में लिया गया था। क्षेत्रवासियों राकेश शर्मा, सत्यपाल, संजीव कुमार, प्रदीप शर्मा, विनोद कुमार आदि ने चेतावनी दी कि अगर टावर न हटाया गया तो निगम अधिकारियों का घेराव करेंगे।
उधर, पार्षद के पति संदीप कुमार ने कहा कि उनके वार्ड नंबर 15 में एक इमारत है। जिस पर उन्होंने कंपनी की सहमति से टावर लगावाया है। कुछ लोग मामले को तूल देकर लोगों को भड़का रहे हैं।