डिसआनर चेक: 3.50 लाख बकाया वाले 16 संस्थानों को नोटिस
नगर निगम के प्रापर्टी टैक्स विभाग ने डिसआनर चेकों के मामले में शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। निगम सचिव सुशांत भाटिया ने इस बाबत नोटिस देने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
जागरण संवाददाता, अमृतसर: नगर निगम के प्रापर्टी टैक्स विभाग ने डिसआनर चेकों के मामले में शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। निगम सचिव सुशांत भाटिया ने इस बाबत नोटिस देने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। शुक्रवार को नोडल अधिकारी कम सुपरिंटेंडेट प्रदीप राजपूत की तरफ से 16 प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी किए गए, जिन पर 3.50 लाख रुपये बकाया है।
प्रतिष्ठानों को नगर निगम धारा अंडर सेक्शन 138 आफ दा नेगोशिएबल इंस्टूमेंट एक्ट के तहत नोटिस जारी किया है जिसमें कहा गया है कि मीमो मिलने के तीन दिन में रकम का भुगतान करें अन्यथा कानूनी कार्रवाई करने को निगम बाध्य होगा। सीएफसी रिकार्ड अनुसार 22 जून 2018 से 31 मार्च 2021 तक विभिन्न सुपरिंटेंडेट की तरफ से जमा करवाए 162 चेक डिसआनर हुए हैं जो लगातार पेंडिंग चले आ रहे हैं। इनमें सुपरिंटेंडेट दविदर सिंह बब्बर के 711910 राशि के 37 चेक, सुपरिंटेंडेट धर्मेद्रजीत सिंह के 312977 राशि के 42 चेक, जसविदर सिंह के 214190 राशि के 25, लवलीन शर्मा के 173196 राशि के 16, प्रदीप राजपूत के 123072 राशि के 9, पुष्पिदर सिंह के 25609 राशि के 5, सतपाल के 354885 राशि के 22, सुनील भाटिया के 29874 राशि के 6 चेक शामिल हैं।