अपने खेतों में रोपाई व मेहनत करने में कैसी शर्म: औजला
आओ पिड चलिये अभियान के तहत सांसद गुरजीत सिंह औजला आज मानावाला के गांव रक्ख झीता पहुंचे।
जागरण संवाददाता, अमृतसर: 'आओ पिड चलिये' अभियान के तहत सांसद गुरजीत सिंह औजला आज मानावाला के गांव रक्ख झीता पहुंचे। उन्होंने सभी को कोविड-19 की नाकरात्मक सोच त्यागकर सकरात्मकता की ओर बढ़ने और अपने परंपरागत रोजगार के साथ खेती से जुड़ने की अपील की। उन्होंने विशेषकर युवाओं को कहा कि काम में कोई शर्म नहीं होनी चाहिए। औजला ने किसानों के साथ खेतों में धान की रोपाई भी की।
सांसद औजला ने कहा कि कोविड-19 से बनी निगेटीविटी से अब बाहर निकलने की जरूरत है। शहरों से बेरोजगार हुए युवा गांव को लौट चुके हैं। गांवों से कृषि लेबर जा चुकी है। ऐसे में किसानी को बचाने के लिए जिम्मेदारों विशेषकर गांव के युवाओं को लेबर की मदद के लिए खुद मैदान में उतरना होगा। इसी सोच के साथ आज वह खुद किसानों के साथ धान की रोपाई के लिए खेतों में उतरे हैं। खेती हमारा परपंरागत रोजगार का साधन है, इसे अपनाने में किसी को कोई शर्म होनी चाहिए। वैसे भी विदेश जाने वाले युवाओं को भी वहां सबकुछ करना पड़ता है। अगर हम वहां सबकुछ करने के लिए तैयार है, तो अपने खेतों में खेती करने में संकोच कैसा। औजला ने किसानों को सीधी बिजाई वाली विभिन्न विधियां अपनाने की अपील की, ताकि पानी के उपयोग को कम किया जा सके।