काम से लौट रही महिला का अपहरण कर हवेली में ले गए चार युवक, किया सामूहिक दुष्कर्म
चार युवकों ने काम से घर लौट रही महिला का अपहरण कर लिया। इसके बाद एक हवेली में ले जाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।
जेएनएन, अजनाला/अमृतसर। राजासांसी इलाके में कार में सवार चार युवकों ने काम से घर लौट रही महिला का अपहरण कर लिया। इसके बाद एक हवेली में ले जाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। वारदात के बाद चारों आरोपित घटनास्थल पर शराब पीने लगे। इस बीच पीड़िता किसी तरह उन्हें चकमा देकर भाग निकली। उधर, देर रात घटना का पता चलने पर पुलिस ने मौका-ए-वारदात पर पहुंची, लेकिन सभी आरोपित फरार हो चुके थे।
अजनाला के एक गांव में रहने वाली महिला ने राजासांसी थाने की पुलिस को बताया कि वह गुमटाला में मेहनत मजदूरी कर अपना परिवार पाल रही है। शाम सात बजे बस न मिलने पर गुमटाला से आटो रिक्शा में बैठ राजासांसी के बस अड्डा पहुंच गई। वहां अजनाला जाने वाली बस का इंतजार कर रही थी। पास में एक सफेद रंग की कार में चार युवक किसी का इंतजार कर रहे थे।
उसने कार सवारों के पास जाकर अजनाला जाने वाली बस के आने का समय पूछा तो कार सवार एक युवक ने उसे अंदर खींच लिया। इसके बाद आरोपित उसका अपहरण कर राजासांसी की एक सुनसान हवेली में ले गए। चारों ने वहां उसके साथ दुष्कर्म किया और फिर वहीं पर शराब पीने लगे। जब उसने वहां से भागने का प्रयास किया तो आरोपितों ने उसके साथ मारपीट की।
इस बीच जब सभी आरोपित नशे में धुत हो गए और वह वहां से भागने में कामयाब हो गई। एएसआइ चंचल कौर ने बताया कि चार आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। एक युवक की पहचान हर्षा छीना गांव निवासी अजमेर सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने मंगलवार की सुबह पीडि़ता का मेडिकल करवाया है जिसमें दुष्कर्म की पुष्टि हुई है।