होटल में ले जाकर युवती से दुष्कर्म, छह दिन बाद केस
छेहरटा थाने की पुलिस ने दुष्कर्म करने के आरोप में तेजिदर सिंह नाम के युवक के खिलाफ केस दर्ज किया है।
जागरण संवाददाता, अमृतसर: छेहरटा थाने की पुलिस ने दुष्कर्म करने के आरोप में तेजिदर सिंह नाम के युवक के खिलाफ केस दर्ज किया है। आरोपित पीड़िता को झांसा देकर एक होटल में ले गया और वहां उसके साथ इस कृत्य को अंजाम देकर फिर कालोनी के बाहर छोड़कर फरार हो गया। सब इंस्पेक्टर गुरविदर सिंह ने बताया कि आरोपित की गिरफ्तारी के लिए छापामारी की जा रही है। सिविल अस्पताल में करवाए गए मेडिकल में दुष्कर्म की पुष्टि हो चुकी है।
पीड़िता ने बताया कि कुछ दिनों से काले गांव में रहने वाला तेजिदर सिंह उस पर बुरी नजर रख रहा था। 22 जून को वह किसी काम से घर से बाहर गई थी। आरोपित ने उसे रास्ते में घेर लिया और जरूरी बात करने का झांसा देकर ढोली मोहल्ला के पास एक होटल में ले गया। पीड़िता ने बताया कि उसने वहां से निकलने का प्रयास किया, लेकिन आरोपित ने कमरे का दरवाजा बंद कर उसके साथ दुष्कर्म कर दिया। घटना के बाद आरोपित ने उसे बाइक से उसकी कालोनी के बाहर छोड़ दिया और फरार हो गया।