घर में घुसकर तेजधार हथियारों से किया हमला
प्रीत नगर में सुरेश यादव नामक युवक पर क्षेत्र में रहने वाले कुछ युवकों ने अपने साथियों सहित सोमवार रात तेजधार हथियारों से हमला कर घायल कर दिया।
संवाद सहयोगी, अमृतसर: प्रीत नगर में सुरेश यादव नामक युवक पर क्षेत्र में रहने वाले कुछ युवकों ने अपने साथियों सहित सोमवार रात तेजधार हथियारों से हमला कर घायल कर दिया। आरोपितों की सुरेश यादव के बेटे राहुल के साथ किसी बात को लेकर बहस हो गई थी। रंजिशन आरोपित तेजधार हथियारों से राहुल के घर में घुस गए। राहुल को घर में न पाकर आरोपितों ने उसके पिता सुरेश यादव को घायल कर दिया। पुलिस ने घटनास्थल से जानकारी जुटाकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
सुरेश यादव ने बताया कि उसका बेटा अभी पढ़ाई करता है। वह बाजार गया था। वहां पर आरोपितों के साथ राहुल की किसी बात को लेकर बहस हो गई। उसके थोड़ी देर बाद राहुल घर आ गया। वह ट्यूशन पर जा चुका था। उसके ट्यूशन चले जाने के बाद करीब 20 से 25 युवक उसके घर में दाखिल हो गए। आरोपितों के हाथों में तेजधार हथियार थे। उन्होंने आते ही घर में उनकी दुकान पर तोड़फोड़ कर दी। उन पर हमला कर दिया, जिससे उसके सिर पर गंभीर चोट लगी। उसके बाद आरोपित फरार हो गए।
उधर, थाना मोहकमपुरा के एसएचओ सुखदेव सिंह ने कहा कि दोनों पक्षों में झगड़ा हुआ है। दोनों पार्टियों को अपना पक्ष रखने के लिए आज थाने बुलाया गया है।