दिव्यांग माता-पिता ने बेटे को ढूंढने की लगाई गुहार
। गांव पधरी के सूरता सिंह व उसकी पत्नी प्रकाश कौर ने चौकी रामतीर्थ में रिपोर्ट दर्ज करवाई कि उसका पुत्र रछपाल सिंह गांव के शमशेर सिंह के साथ काम करता है।
संवाद सहयोगी, अटारी
गांव पधरी के सूरता सिंह व उसकी पत्नी प्रकाश कौर ने थाना लोपोके के अंतर्गत आती पुलिस चौकी रामतीर्थ में रिपोर्ट दर्ज करवाई कि उसका पुत्र रछपाल सिंह गांव के शमशेर सिंह के साथ काम करता है। रोजाना की तरह रछपाल सिंह शाम आठ बजे घर आया। शमशेर सिंह रात 11 बजे उनके घर आया व रछपाल को यह कह कर ले गया कि कंबाइन से गेहूं की कटाई करनी है। लेकिन रछपाल 16 अप्रैल से घर नहीं लौटा। उन्होंने बताया कि शमशेर सिंह का पिछले दिनों गांव में झगड़ा हुआ था। उनको गांव वासियों ने कहा कि रछपाल सिंह के बाजू पर शमशेर सिंह ने तेजधार हथियारों से कट लगा कर सरकारी अस्पताल में विरोधी गुट पर 326 का मामला दर्ज करवाने के लिए दाखिल करवाया था। जब वह गांव के कुछ लोगों के साथ सीएचसी लोपोके पहुंचे तो शमशेर सिंह व कुछ अन्य लोग उसको गाड़ी में डाल कर अज्ञात स्थान पर ले गए। उन्होंने शमशेर सिंह को मिन्नतें की पर रछपाल सिंह के बारे में नहीं बताया।
उन्होंने पुलिस के उच्चाधिकारियों से न्याय की गुहार लगाते हुए कहा कि वह दोनों दिव्यांग है। उनके घर का गुजारा रछपाल सिंह से ही चलता है। उसकी तलाश की जाए। वहीं, पुलिस चौकी रामतीर्थ के मुखी तरसेम सिंह ने कहा कि दरखास्त आई है। वह युवक की तलाश कर रहे हैं।