ढपई चौक से गुरु की वडाली के कच्चे रास्ते से लोग परेशान
। पश्चिमी विधानसभा हलके के ढपई चौक से लेकर गुरु की वडाली तक का रास्ता कच्चा होने के कारण क्षेत्रवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
संवाद सहयोगी, अमृतसर
पश्चिमी विधानसभा हलके के ढपई चौक से लेकर गुरु की वडाली तक का रास्ता कच्चा होने के कारण क्षेत्रवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
यह मार्ग वार्ड नंबर 74 की हद में भी आता है। प्रेम नगर इलाके का मार्ग भी पूरी तरह से कच्चा है। दिन भर यहां धूल उड़ती रहती है। बारिश होने पर कीचड़ हो जाता है, जिससे राहगीर व दोपहिया वाहन चालक फिसल कर चोटिल होते हैं। समस्या का हल न होने को लेकर क्षेत्र के लोगों में रोष व्याप्त है।
क्षेत्रवासी सुरजीत सिंह, सुखदेव सिंह, फतेह सिंह, जोगिदर सिंह, मनोज कुमार, निरपाल सिंह आदि ने बताया कि इस क्षेत्र में पहले पक्की सड़क बनी थी। विकास के नाम पर दो बार सड़क को उखाड़ा गया। एक बार सीवरेज डाला गया, दूसरी बार वाटर सप्लाई की पाइपें डाली गई। अब इलाके के लोग लंबे समय से पक्की सड़क को तरस रहे हैं। हल्की सी बारिश होने से यह रास्ता कीचड़ में तब्दील हो जाता है। ऐसी स्थिति में इस रास्ते से गुजरना लोग मुनासिब नहीं समझते। वाटर सप्लाई को अभी तक शुरू नहीं किया गया। उन्होंने मांग की है कि इस कच्ची सड़क को पक्का किया जाए।
विधायक की टीम कर रही प्रोजेक्ट पर काम
भाजपा पार्षद दविदर सिंह ने कहा कि जितने विकास कार्य नगर निगम के दायरे में आते हैं, वे समय-समय पर करवाते रहे हैं। इस समस्या के बारे में भी उन्होंने हलका विधायक डा. राजकुमार वेरका से बात की थी। उन्होंने कहा कि उनकी टीम इस प्रोजेक्ट पर काम कर रही है। अब उनकी टीम कब इस काम को पूरा करेगी यह बताना थोड़ा मुश्किल है।