सरकार उद्योगपतियों के साथ भेदभाव वाली नीति बंद करे: अरोड़ा
शास्त्री मार्केट एसोसिएशन की ओर से रविवार को प्रधान जगदीश चंद अरोड़ा की अगुआई में मीटिग की गई।
जागरण संवाददाता, अमृतसर : शास्त्री मार्केट एसोसिएशन की ओर से रविवार को प्रधान जगदीश चंद अरोड़ा की अगुआई में मीटिग की गई। मीटिग में एसोसिएशन के महासचिव दीपक राय मेहरा ने कहा कि पहले ही कोरोना के कारण उद्योग संकट से गुजर रहा है। ऊपर से पंजाब सरकार की ओर से अजीब तरह के फैसले लिए जा रहे है। इस पर सरकार ने साप्ताहिक उद्योग बंद करने के निर्देश से उद्योगपति अत्यधिक परेशान हैं। नए आदेश के अनुसार टेक्सटाइल डाइंग एंड प्रोसेसिग यूनिटों को बंद से छूट दे दी गई है। इस अजीब आदेश से उद्योगपति हैरान हैं कि किस आधार पर कुछ उद्योगपतियों और राजनीतिक दबाव में इस प्रकार का भेदभावपूर्ण निर्णय लिए जा रहे हैं। व्यपारियो और उद्योगपतियों ने एकसुर में सरकार के इस आदेश की आलोचना की। प्रधान जगदीश अरोड़ा ने कहा कि शाल व गर्म माल की इंडस्ट्री जो पंजाब की शान मानी जाती है और इसके कई प्रोडक्ट्स का उत्पादन केवल इस गर्मी के मौसम में संभव है। इस उद्योग के साथ भेदभाव बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने सरकार से अपील कर कहा कि सभी उद्योगों को निरंतर बिजली की सप्लाई कम दरों पर मिले ताकि उद्योग प्रफुल्लित हो सके। उन्होंने कहा टैक्स देने व देश की उन्नति में योगदान देने वाला व्यापारी आज के समय में परेशान है। पहले ही पंजाब सरकार की उद्योग विरोधी नीतियों के कारण यहां से उद्योग पलायन कर चुका है। सरकार का यही रवैया रहा तो पंजाब में बचे हुए उद्योग भी अन्य राज्यो में पलायन कर जाएंगे। इस मौके पर उप प्रधान शक्ति वोहरा, सुरिदर खोसला, वित्त सचिव रविदर अरोड़ा, सहायक वित्त सचिव कमल सेठी मौजूद थे।