रंजिशन घर के बाहर चलाई गोलियां
। रंजिश के चलते एक घर के बाहर पिस्टल से गोलियां चलाने के आरोप में थाना खलचियां पुलिस ने दो भाइयों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
संवाद सहयोगी, अजनाला
रंजिश के चलते एक घर के बाहर पिस्टल से गोलियां चलाने के आरोप में थाना खलचियां पुलिस ने दो भाइयों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
आरोपितों की पहचान थाना ब्यास के के अंतर्गत आते गांव दोलेनंगल निवासी बलराज सिंह व सुखराज सिंह के रूप में बताई गई है। गांव धूलका निवासी अंग्रेज सिंह ने बताया कि आरोपित बलराज सिंह के उनके गांव में ससुराल हैं। आते जाते समय वह उसके साथ रंजिश रखता था। बीती रात बलराज सिंह अपने भाई सुखराज सिंह के साथ उनके घर के बाहर आया तथा गाली-गलौज करने लगा। अंग्रेज सिंह के अनुसार जब उसने घर की छत पर चढ़ कर देखा तो बलराज ने पिस्टल से हवाई फायर किए और दो फायर घर के मेन गेट पर करने के बाद फरार हो गया। जांच अधिकारी एएसआइ बलजिदर सिंह ने बताया कि उक्त दोनों भाइयों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।