मोहकमपुरा में चली गोलियां, लोगों में दहशत
मोहकमपुरा के रसूलपुर कलर इलाके में सोमवार देर रात दो गुटों में जमकर ईट-पत्थर चले।
जागरण संवाददाता, अमृतसर: मोहकमपुरा के रसूलपुर कलर इलाके में सोमवार देर रात दो गुटों में जमकर ईट-पत्थर चले। दोनों पक्षों ने इस दौरान गोलियां भी चलाई, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। हालांकि झगड़े में किसी के हताहत होने की जानकारी नहीं है। फिल्हाल पुलिस ने जांच के बाद कुल 13 आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी सुखदेव सिंह ने बताया कि आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापामारी कर रही है।
मोहकमपुरा पुलिस ने पहले गुट के राज सिंह उर्फ राजा, मनप्रीत सिंह, लाली और जतिदर सिंह के खिलाफ केस दर्ज किया है। इसी एफआइआर को क्रास करते हुए पुलिस ने दूसरे गुट के मनी सिंह, धर्मेंद्र सिंह, हनी सिंह, करण, राजु उर्फ बगला, सन्नी उर्फ ज्ञानी, विशाल सिंह उर्फ जीतू सहित तीन अज्ञात के खिलाफ दर्ज की है। मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस को बताया कि सोमवार रात एकाएक सड़क पर झगड़े और गाली गलौज की आवाजें आनी शुरू हो गईं। देखते ही देखते दोनों पक्षों के आरोपितों ने एक दूसरे पर जमकर ईट-पत्थर चलाने शुरू कर दिए। घटना के बारे में पता चलते ही कुछ लोग बाजार में झगड़ा छुड़वाने पहुंचे थे, लेकिन ईटें चलते देख वे भी घरों को लौट आए। देखते ही देखते आरोपितों ने एक-दूसरे पर गोलियां चला दी और फरार हो गए।
घटना के बाद आरोपितों के खिलाफ पुलिस के समक्ष किसा ने बयान दर्ज नहीं करवाए। अन्य आरोपितों का पता लगाने के लिए पुलिस इलाके में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। थाना प्रभारी सुखदेव सिंह ने दावा किया है कि सभी का पता लगाकर गिरफ्तार कर लिया जाएगा।