आरोपित को झांसा दे कहा, 50 हजार रुपये हमारे जरिए पुलिस को दो, टीम नहीं आएगी पकड़ने
पुलिस के नाम से पचास हजार रुपये वसूलने के आरोप में थाना मकबूलपुरा की पुलिस ने उमरपुरा निवासी राजू सिंह को शुक्रवार को गिरफ्तार किया है।
जासं, अमृतसर: पुलिस के नाम से पचास हजार रुपये वसूलने के आरोप में थाना मकबूलपुरा की पुलिस ने उमरपुरा निवासी राजू सिंह को शुक्रवार को गिरफ्तार किया है। एएसआइ कुलदीप सिंह ने बताया कि आरोपित के दो अन्य साथियों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी की जा रही है।
कलेर ड्रेन के पास रहने वाले गुरलाल सिंह की शिकायत पर थाना मकबूलपुरा की पुलिस ने कलेर ड्रेन निवासी महिदर सिंह, नामदेव कालोनी निवासी दिलराज सिंह और राजू सिंह को नामजद कर लिया है। शिकायतकर्ता गुरलाल ने पुलिस को बताया कि कुछ समय पहले उनके छोटे भाई सतनाम सिंह ने किसी नाबालिग लड़की का अपहरण कर लिया था। इस बाबत थाना मकबूलपुरा की पुलिस ने सतनाम के खिलाफ बीती नौ अप्रैल को अपहरण के आरोप में केस दर्ज किया था।
जब पुलिस ने आरोपित सतनाम की धरपकड़ शुरू की तो उसका कहीं ठिकाना नहीं मिला। पुलिस ने सतनाम के परिवार के साथ संपर्क किया और उसे सरेंडर करने के लिए दबाव बनाना शुरू कर दिया। जब इस बाबत आरोपितों को पता चला तो उन्होंने गुरलाल से संपर्क कर उसे झांसा दिया कि वह उनके (आरोपितों) मार्फत पुलिस को पचास हजार रुपये दे। फिर पुलिस उनके पास कभी नहीं आएगी। गुरलाल ने आरोप लगाया कि उन्होंने महिदर सिंह और उसके साथियों को पचास हजार रुपये दे दिए। बावजूद पुलिस उनके संपर्क में रही। इस बात का जब पुलिस को पता चला तो आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया।