किसानों ने देवीदासपुरा रेल ट्रैक से जंडियाला गुरु रेलवे स्टेशन पर धरना शिफ्ट किया
। गांव देवीदासपुरा में रेल ट्रैक पर चल रहे धरने को किसानों ने अब जंडियाला गुरु के रेलवे स्टेशन में शिफ्ट कर दिया है।
जागरण संवाददाता, अमृतसर
गांव देवीदासपुरा में रेल ट्रैक पर चल रहे धरने को किसानों ने अब जंडियाला गुरु के रेलवे स्टेशन में शिफ्ट कर दिया है। जबकि बुटारी में रेलवे स्टेशन पर पहले की तरह धरना जारी है। इसी तरह टोल प्लाजा जंडियाला के बाहर भी किसानों का पक्का धरना सोमवार को भी जारी रहा।
किसान मजदूर संघर्ष कमेटी पंजाब के नेताओं ने कहा कि प्रतिदिन बढ़ रही सर्दी को मुख्य रखते हुए धरना गांव देवीदास पुरा रेल ट्रैक से जंडियाला गुरु रेलवे स्टेशन पर शिफ्ट किया गया है। सोमवार को काफी संख्या में महिलाओं ने भी धरने में शमूलियत की।
संगठन के अध्यक्ष सतनाम सिंह पन्नू व सरवण सिंह पंधेर ने कहा कि संगठन की ओर से राज्य के अंदर जहां भी धरने दिए जा रहे हैं, वे तब तक जारी रहेंगे जब तक तीन कृषि सुधार कानूनों को केंद्र सरकार रद नहीं करती। इस दौरान गुरबचन सिंह चब्बा, किरणजीत सिंह, दविदर सिंह , कुलवंत सिंह, बाज सिंह , मनजीत सिंह वडाला व मगजीत सिह मौजूद थे।
उधर, राज्यसभा सदस्य श्वेत मलिक के घर के बाहर 30 किसान संगठनों के संयुक्त मोर्चे का धरना सोमवार भी जारी रहा। किसान आंदोलन के दौरान जान गंवाने वाले किसानों को मौन धारण कर श्रद्धांजलि दी गई। इस दौरान किसान नेताओं मेजर सिंह , सतनाम सिंह झंडेर, सुक्खा सिंह , अवतार सिंह सुधार, जगविदर सिंह आदि मौजूद थे।
फूंके गए पुतले
बुटारी रेलवे स्टेशन पर और गांव दशमेश नगर में किसानों ने केंद्र सरकार और कारपोरेट घरानों के पुतले फूंके। किसानों ने पंजाब में मालगाड़ियों को वापस बुलाने और सामान मालगाड़ियों से न भेजे जाने की सख्त शब्दों में निदा की। इस दौरान किसान नेता महिदर सिंह , लखबीर सिंह निजामपुरा, प्रकाश सिंह आदि मौजूद थे।