केंद्र सरकार के खिलाफ किसानों का धरना जारी
किसान मजदूर संघर्ष कमेटी पंजाब के राज्य सचिव सरवन सिंह पंधेर ने कहा कि 26 जनवरी की परेड में शामिल होने के लिए तैयारियां जोरों से चल रही हैं।
जागरण संवाददाता, अमृतसर : किसान मजदूर संघर्ष कमेटी पंजाब के राज्य सचिव सरवन सिंह पंधेर ने कहा कि 26 जनवरी की परेड में शामिल होने के लिए तैयारियां जोरों से चल रही हैं। किसान नेता सुखविदर सिंह सभरा और हरप्रीत सिंह सिधवां की अध्यक्षता में जत्था 20 जनवरी को ब्यास और हरिके पुल से सुबह 7 बजे रवाना होगा। किसानों ने रविवार भी नेशनल इंवेस्टीगेशन एजेंसी (एनआइए) मुखी का पुतला गांव जोधानगरी ने फूंककर रोष व्यक्त किया गया। सोमवार को तरनतारन में पुतले फूंके जाएंगे। दिल्ली के अंदर ट्रैक्टर परेड का रोडमैप सभी किसान संगठनों की संयुक्त बैठक में तय किया जाएगा।
जंडियाला गुरु में रेल रोको आंदोलन जिला प्रधान इंद्रजीत सिंह बाठ की अध्यक्षता में 116वें दिन भी जारी रहा। किसानों ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करके रोष व्यक्त किया। किसान नेताओं ने संबोधित करते हुए कहा कि पंजाब में भाजपा नेताओं और कारपोरेट घरानों का बायकाट जारी रखा जाएगा।
मानांवाला टोल प्लाजा पर रविवार को किसानों ने किसान मजदूर संघर्ष कमेटी के नेतृत्व में अनशन जारी रखा। अनशन में कम उम्र के रणवीर सिंह, गांव जोधपुरा तरनतारन, एकनूर निवासी गांव जोधपुरा, जिला तरनतारन, रिपी कौर, सतनाम कौर और सुखविदर कौर शामिल हुई। अनशन 21 वें दिन में दाखिल हो गया है।
धरने को संबोधित करते हुए अंग्रेज सिंह चाटीविड, गुरसाहिब सिंह चाटीविड और संदीप सिंह मिट्ठा ने केंद्र सरकार और एनआइए की ओर से किसानों को भेजे गए नोटिस की कड़ी निदा की । किसानों ने मॉल आफ अमृतसर और राज्य सभा सदस्य श्वेत मलिक के घर के बाहर प्रदर्शन किया। इसी तरह टोल प्लाजा कत्थूनंगल, अजनाला रोड और मजीठा रोड पर भी किसानों ने धरना दिया।