पिस्तौल दिखाकर किसान का अपहरण, छह घंटे बाद चुंगल से छूटा
कत्थूनंगल थाने के अधीन पड़ते लहरका गांव में रहने वाले मंदीप सिंह का वीरवार को कुछ लोगों ने पिस्तौल दिखाकर अपहरण कर लिया।
जासं, अमृतसर: कत्थूनंगल थाने के अधीन पड़ते लहरका गांव में रहने वाले मंदीप सिंह का वीरवार को कुछ लोगों ने पिस्तौल दिखाकर अपहरण कर लिया। छह घंटे बाद मंदीप किसी तरह आरोपितों के चंगुल से घर लौट आया। घटना के बाद पुलिस ने लहरका गांव निवासी लखविदर सिंह, उसके बेटे कोमलप्रीत सिंह और तीन अज्ञात के खिलाफ अपहरण के आरोप में केस दर्ज कर लिया है।
प्रभजोत कौर ने कत्थूनंगल थाने की पुलिस को बताया कि उसकी शादी आठ साल पहले मंदीप सिंह के साथ हुई थी। पति पेशे से किसान हैं और वह परिवार के साथ लहरका गांव में रह रही है। इलाके में रहने वाला लखविदर सिंह और उसका बेटा कोमलप्रीत सिंह उनके परिवार के साथ रंजिश रखता है। वह पहले भी कई बार उनके साथ झगड़ा कर चुके हैं। प्रभजोत कौर ने बताया कि लोहड़ी वाली शाम को वह परिवार के साथ घर पर थी। इस बीच दोनों बाप-बेटा छत फांदकर उनके घर में दाखिल हुए और पिस्तौल तानकर उसके पति को जान से मारने की धमकियां देने लगे। जब उसने शोर मचाकर लोगों को एकत्र करना चाहा तो आरोपित पिस्तौल तानकर उसके पति को बाहर खड़ी अपनी कार में ले गए। कार में उनके साथ तीन लोग पहले से सवार थे। घटना के बाद उसने अपने परिवार और पुलिस को वारदात की जानकारी दी लेकिन छह घंटे बाद किसी तरह उसका पति आरोपितों के चंगुल से छूट भागा और पुलिस के पास पहुंच गया। पीड़िता ने एसएसपी राकेश कौशल से इंसाफ की गुहार लगाते हुए आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग की है। एएसआइ जसबीर सिंह ने बताया कि मामले की जांच करवाई जा रही है। पुलिस टीमें आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी कर रही है।