डीसी दफ्तर कर्मियों ने दरबार साहिब में करवाई कैप्टन और मनप्रीत को सदबुद्धि देने की अरदास
पंजाब प्रदेश व्यापार मंडल के सीनियर उप प्रधान अमरजीत सिंह मेहता पे कमीशन की रिपोर्ट को रद करवाने के लिए मुलाजिम व्यापारी किसान मजदूरों के हक के लिए बठिडा से पैदल दरबार साहिब तक पहुंचे।
जागरण संवाददाता, अमृतसर: पंजाब प्रदेश व्यापार मंडल के सीनियर उप प्रधान अमरजीत सिंह मेहता पे कमीशन की रिपोर्ट को रद करवाने के लिए मुलाजिम, व्यापारी, किसान, मजदूरों के हक के लिए बठिडा से पैदल दरबार साहिब तक पहुंचे। डीसी दफ्तर कर्मचारी यूनियन पंजाब के समूह मुलाजिम दफ्तरों से सामूहिक छुट्टी लेकर दरबार साहिब के बाहर पहुंचे और उनका स्वागत किया।
इसके बाद मुलाजिमों ने सरबत के भले और मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिदर सिंह और वित्त मंत्री मनप्रीत सिंह बादल को सद्बुद्धि देने की अरदास की। समूह मुलाजिम वाहेगुरु का जाप करते हुए दरबार साहिब पहुंचे और परिक्रमा करते हुए माथा टेका। मेहता के साथ मंडल के 25 और सदस्य भी थे, जिन्होंने उनके साथ पद यात्रा में हिस्सा लिया। मुलाजिमों द्वारा सामूहिक छुट्टी लिए जाने के बाद डीसी दफ्तरों से संबंधित किसी भी दफ्तर में कोई कामकाज नहीं हुआ, जिस कारण लोगों को काफी परेशान होना पड़ा। हड़ताल की किसी को भी कोई जानकारी नहीं थी, जिसके चलते लोगों को बिना काम करवाए लौटना पड़ा। सरकार से अपील, पे कमीशन की रिपोर्ट रद करे: मेहता
पंजाब प्रदेश व्यापार मंडल के सीनियर उप प्रधान अमरजीत सिंह मेहता ने कहा कि पद यात्रा का मुख्य मकसद पंजाब सरकार की नींद को खोलना है। पे कमीशन की रिपोर्ट के माध्यम से कर्मचारियों के हकों पर डाका डालने की कोशिश की जा रही है। पंजाब प्रदेश व्यापार मंडल की मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिदर सिंह और वित्त मंत्री मनप्रीत सिंह बादल से अपील है कि वह मुलाजिम विरोधी वेतन कमीशन की रिपोर्ट को रद करते हुए मुलाजिमों के हकों को बहाल करने का फैसला करे।