एंबुलेंस चालकों तीन महीने से वेतन नहीं दे रहीं कंपनी : निज्जर
108 एंबुलेंस कर्मचारी एसोसिएशन पंजाब के नेता मनप्रीत निज्जर ने कहा कि पंजाब सरकार ने तीसरी बार कांग्रेस मंत्री के इशारों पर जेडएचएल कंपनी को अधिकारियों की मिलीभगत से 108 एंबुलेंस के संचालन का ठेका दिया है।
संवाद सहयोगी, अमृतसर : 108 एंबुलेंस कर्मचारी एसोसिएशन पंजाब के नेता मनप्रीत निज्जर ने कहा कि पंजाब सरकार ने तीसरी बार कांग्रेस मंत्री के इशारों पर जेडएचएल कंपनी को अधिकारियों की मिलीभगत से 108 एंबुलेंस के संचालन का ठेका दिया है। इस कंपनी द्वारा दिन-ब-दिन पंजाब में कानून का उल्लंघन किया जा रहा है। कंपनी द्वारा एंबुलेंस पर काम करने वाले कर्मचारियों को डीजल भरवाते समय वीडियो बनाने और वीडियो काल करने के लिए मजबूर किया जा रहा है। इनफारमेशन टेक्नोलाजी एक्ट 2008 के अधीन धारा 66ई के तहत पेट्रोल पंप पर मोबाइल फोन के उपयोगकर्ता को तीन साल तक की कैद या दो लाख रुपये का जुर्माना या दोनों हो सकता है। कंपनी के अधिकारी कानून को मजाक के रूप में देखते हैं। कंपनी कर्मचारियों को आठ घंटे की जगह 12 घंटे ड्यूटी करने के लिए मजबूर कर रही है। वहीं 4 घंटे का ओवरटाइम नहीं दे रही है। यहां तक कि 3-3 महीने से कर्मचारियों का वेतन भी कंपनी नहीं दे रही है। कंपनी पर कार्रवाई होनी चाहिए।